MP में मानसून की रफ्तार पड़ी धीमी: अगले 3 दिन ऐसा रहेगा मौसम का मिजाज; 32 जिलों में अभी भी बारिश की कमी
Published:
3 min read

फाइल फोटो।
भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। बुधवार को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में आसमान साफ रहा और तेज धूप निकली। सैटेलाइट तस्वीरों में भी प्रदेश के अधिकांश हिस्से में बादलों की मौजूदगी कम नजर आई। इस दौरान कहीं भी तेज बारिश दर्ज नहीं हुई।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन दिन प्रदेश में मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही रहने की संभावना है। गुरुवार को किसी भी जिले में भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालांकि, कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। शुक्रवार को उमरिया, मंडला, बालाघाट और डिंडौरी में भारी बारिश का अलर्ट है।
प्रदेश में फिलहाल कोई बड़ा सिस्टम एक्टिव नहीं
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में इस समय बारिश कराने वाला कोई प्रभावी सिस्टम सक्रिय नहीं है। पश्चिमी क्षेत्र में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन जरूर बना हुआ है, लेकिन इसका मध्य प्रदेश पर ज्यादा असर दिखाई नहीं दे रहा है। यही वजह है कि बुधवार को ज्यादातर जिलों में दिन के समय धूप खिली रही। भोपाल में भी अचानक बदले मौसम के कारण लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ा। गुरुवार को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में धूप रहने का अनुमान है।
32 जिलों में सामान्य से कम बारिश
सीजन की बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रदेश के 32 जिले अभी भी सामान्य से कम बारिश वाले क्षेत्र में हैं। पूर्वी मध्य प्रदेश के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में बारिश सामान्य से करीब 1% तक कम है। बालाघाट, छिंदवाड़ा, डिंडौरी, दमोह, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, मंडला, रीवा, सागर और सिवनी में सामान्य से 5% से 25% तक कम बारिश हुई है। हालांकि, पिछले एक सप्ताह में पूर्वी हिस्से की स्थिति में सुधार आया है। कई जिलों में लगातार बारिश और कुछ इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बनने से सीजन का बारिश आंकड़ा बेहतर हुआ है। इसके बावजूद बुधवार तक यह क्षेत्र सामान्य से करीब 1% पीछे रहा।
पश्चिमी MP के कई जिले अब भी पिछड़े
पश्चिमी मध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश की कमी ज्यादा है। आलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, देवास, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, खंडवा, मंदसौर, मुरैना, नर्मदापुरम, नीमच, बड़वानी, रायसेन, रतलाम, सीहोर, शाजापुर, उज्जैन और विदिशा समेत कई जिलों में सामान्य से 7% से 55% तक कम बारिश दर्ज की गई है।
इन 23 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश
प्रदेश के 23 जिलों में अब तक सामान्य से ज्यादा पानी गिर चुका है। इनमें अनूपपुर, छतरपुर, मैहर, मऊगंज, निवाड़ी, पन्ना, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़, उमरिया, आगर-मालवा, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, दतिया, गुना, ग्वालियर, खरगोन, राजगढ़, श्योपुर और शिवपुरी शामिल हैं।
ये भी पढ़ें- सागर शराब कांड पर सीएम डॉ. मोहन यादव का एक्शन: न्यायिक जांच के आदेश; दिलीप कुमार बने नए कमिश्नर और इरशाद वली IG

