धार में शादी समारोह से लौट रहे युवक पर तलवार से हमला: सिर पर गंभीर चोट, बीच-बचाव करने आई पत्नी और साला भी घायल
Published:
2 min read

CCTV कैमरे में कैद हुआ घटनाक्रम
धार। जिले के मनावर में शादी समारोह से लौट रहे एक युवक पर चार लोगों ने तलवार से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी और साले के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। घायल को पहले मनावर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बड़वानी रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।
रास्ते में घेरकर किया हमला
जानकारी के अनुसार, खरगोन जिले के कसरावद निवासी इसरत अपने पति शाहरुख खान और भाई फरहान के साथ मनावर में एक शादी समारोह में शामिल होने आई थीं। कार्यक्रम खत्म होने के बाद तीनों बालीपुर रोड से लौट रहे थे। इसी दौरान मोईन निवासी डेहरी, शदाब, तोसिफ और मुस्ताक निवासी मनावर ने शाहरुख को रास्ते में घेर लिया। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
तलवार से सिर पर वार करने का आरोप
इसरत के मुताबिक, शाहरुख ने आरोपियों की बदतमीजी का विरोध किया था। इससे नाराज होकर मोईन ने तलवार से उसके सिर पर हमला कर दिया। इसके बाद अन्य आरोपियों ने भी शाहरुख के साथ लात-घूंसों से मारपीट की। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंची इसरत और उसके भाई फरहान के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने तीनों को जान से मारने की धमकी भी दी।
गंभीर हालत में बड़वानी रेफर
हमले में शाहरुख गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तुरंत मनावर के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बड़वानी रेफर कर दिया। फिलहाल वहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपियों की तलाश जारी
घटना के बाद इसरत ने मनावर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मोईन, शदाब, तोसिफ और मुस्ताक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब चारों आरोपियों की तलाश कर रही है। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।
ये भी पढ़ें- दीपावली पर रायपुर के ATM में कैश खत्म: सर्वर डाउन और मशीन खराबी से लोग परेशान, त्यौहार की खरीदारी पर पड़ा असर
शाहरुख खान, घायल
राजेश यादव, थाना प्रभारी मनावर

