दीपावली पर रायपुर के ATM में कैश खत्म: सर्वर डाउन और मशीन खराबी से लोग परेशान, त्यौहार की खरीदारी पर पड़ा असर
Published:
2 min read

धनतेरस पर रायपुर के ATM पर लिखा मशीन बंद है।
रायपुर। दीपावली के त्यौहार के बीच राजधानी रायपुर के बाजारों में रौनक तो लौट आई है, लेकिन ATM में कैश की कमी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। शहर के कई इलाकों में ATM से पैसे नहीं निकल रहे हैं। कहीं मशीन खराब है तो कहीं कैश खत्म होने या सर्वर की समस्या के कारण ग्राहक परेशान हो रहे हैं। इसका असर त्यौहार की खरीदारी पर भी पड़ रहा है।
शहर में सैकड़ों ATM, फिर भी कैश की किल्लत
रायपुर में 10 बड़े बैंकों के सैकड़ों ATM अलग-अलग इलाकों में लगे हैं। इसके बावजूद कई जगहों पर ग्राहकों को नकदी नहीं मिल रही है। कुछ ATM में तकनीकी खराबी है, जबकि कुछ में कैश खत्म होने की स्थिति है। कई ATM पर ताले भी लगे हुए हैं। सदर बाजार, मालवीय रोड, गोलबाजार, पंडरी, शंकर नगर, टाटीबंध और बोरिंग चौक जैसे व्यस्त इलाकों में लोग एक ATM से दूसरे ATM तक भटक रहे हैं। किसी मशीन में कैश नहीं है तो कहीं सर्वर डाउन होने या मशीन खराब होने की सूचना मिल रही है।
खरीदारी प्रभावित, ग्राहक और दुकानदार परेशान
ATM से पैसे नहीं निकलने के कारण आम लोगों की खरीदारी प्रभावित हो रही है। लोग नकदी के लिए अलग-अलग जगहों पर जा रहे हैं। इसका असर दुकानदारों के कारोबार पर भी पड़ रहा है। त्यौहार पर सोना-चांदी, बर्तन और इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदने की परंपरा है। ऐसे में नकदी की कमी लोगों की खरीदारी में बाधा बन रही है। दुकानदारों का कहना है कि बाजार में भीड़ तो है, लेकिन कई ग्राहक सामान के दाम पूछकर वापस लौट रहे हैं। उनके मुताबिक, ATM में कैश की कमी का असर पूरे बाजार पर दिखाई दे रहा है।

बैंक प्रबंधन की व्यवस्था पर उठे सवाल
त्यौहार के दौरान नकदी की मांग बढ़ जाती है। इसके बावजूद ATM में समय पर कैश नहीं भरे जाने और मशीनों की खराबी को लेकर बैंक प्रबंधन की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। ग्राहकों की मांग है कि बैंक प्रबंधन सभी ATM में जल्द कैश उपलब्ध कराए और खराब मशीनों को ठीक करवाए, ताकि लोगों को त्यौहार के दौरान नकदी के लिए परेशान न होना पड़े और खरीदारी प्रभावित न हो।
ये भी पढ़ें- रायपुर में सराफा कारोबारी के VIP काफिले को पुलिस एस्कॉर्ट: वीडियो वायरल, चलती कारों से बाहर लटककर स्टंट करते दिखे बाउंसर..

