रायपुर में सराफा कारोबारी के VIP काफिले को पुलिस एस्कॉर्ट: वीडियो वायरल, चलती कारों से बाहर लटककर स्टंट करते दिखे बाउंसर; पुलिस जांच जारी
Published:
4 min read

रायपुर में सराफा कारोबारी के लग्जरी काफिले को पुलिस एस्कॉर्ट करने का वीडियो वायरल।
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी में एक सराफा कारोबारी के लग्जरी काफिले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े हो गए हैं। वायरल वीडियो में रायपुर पुलिस की सरकारी स्कॉर्पियो एक निजी काफिले को एस्कॉर्ट करती नजर आ रही है। वहीं काफिले में शामिल निजी बाउंसर चलती गाड़ियों की खिड़कियों से बाहर लटककर स्टंट करते दिखाई दे रहे हैं। इस पूरे घटनाक्रम ने पुलिस की कार्यप्रणाली और यातायात नियमों के पालन को लेकर नई बहस छेड़ दी है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
एयरपोर्ट से शुरू हुआ लग्जरी काफिले का शो
वायरल वीडियो की शुरुआत रायपुर एयरपोर्ट से होती है, जहां 12 से 15 लग्जरी गाड़ियों का काफिला दिखाई दे रहा है। इसमें सफेद मर्सिडीज, ऑडी और टोयोटा फॉर्च्यूनर जैसी महंगी गाड़ियां शामिल हैं। प्रत्येक गाड़ी के साथ काले कपड़ों में निजी बाउंसर तैनात नजर आ रहे हैं। वीडियो में पुलिसकर्मी भी एयरपोर्ट परिसर में मौजूद दिखाई देते हैं।
सफेद शेरवानी में कारोबारी की VIP एंट्री
वीडियो में सफेद शेरवानी, सोने की मोटी चेन और काला चश्मा पहने एक युवक एयरपोर्ट से बाहर निकलता दिखाई देता है। बाउंसर उसे सुरक्षा घेरे में लेकर गाड़ी तक पहुंचाते हैं। इसके बाद पुलिस की सायरन और लाइट लगी सफेद स्कॉर्पियो सबसे आगे चलती है। पीछे मर्सिडीज समेत कई लग्जरी गाड़ियां नजर आती हैं। ड्रोन और अन्य कैमरों से काफिले के शहर की सड़कों और हाईवे से गुजरने के दृश्य भी रिकॉर्ड किए गए हैं।
चलती गाड़ियों से लटकते दिखे बाउंसर
इस पूरे वीडियो में सबसे ज्यादा चर्चा बाउंसरों के खतरनाक स्टंट को लेकर हो रही है। एक दृश्य में बाउंसर चलती कार की खिड़की से आधा शरीर बाहर निकालकर लटका हुआ है और हाथ में वॉकी-टॉकी लेकर दूसरे वाहन चालकों को निर्देश देता नजर आता है। वहीं दूसरी क्लिप में एक बाउंसर चलती गाड़ी से बाहर निकलकर सड़क पर खड़ा होता और काफिले को रास्ता दिखाता दिखाई देता है।
इस तरह के स्टंट से सड़क पर चलने वाले दूसरे वाहन चालकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है। यदि वीडियो में दिख रही गतिविधियां सही पाई जाती हैं तो यह यातायात नियमों के उल्लंघन का मामला बन सकता है।
कारोबारी की टीम ने बनाया प्रमोशनल वीडियो
वायरल वीडियो सामान्य मोबाइल रिकॉर्डिंग जैसा नहीं दिखता। इसमें ड्रोन शॉट्स, एयरपोर्ट के अंदर की गतिविधियां, रिजॉर्ट में प्रवेश और रात के समय सदर बाजार तक के दृश्य शामिल हैं। वीडियो की एडिटिंग और शूटिंग के तरीके से इसे कारोबारी की टीम द्वारा तैयार किया गया प्रमोशनल वीडियो बताया जा रहा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
गिरी जेवर महल अरिहंत पहुंचा काफिला
वीडियो के अंतिम हिस्से में यह काफिला शहर के व्यस्त सदर बाजार इलाके में पहुंचता दिखाई देता है। यहां युवक एक दुकान के सामने खड़ा नजर आता है। दुकान के बोर्ड पर 'गिरी जेवर महल अरिहंत गोल्ड सिल्वर डायमंड' लिखा दिखाई देता है। बताया जा रहा है कि कारोबारी इसी दुकान के शुभारंभ के लिए रायपुर पहुंचा था।
पुलिस की एस्कॉर्ट व्यवस्था पर उठे सवाल
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की भूमिका को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।
- निजी कारोबारी को पुलिस एस्कॉर्ट किस आधार पर दिया गया? क्या इसके लिए सक्षम अधिकारी की अनुमति ली गई थी और सुरक्षा खतरे का आकलन किया गया था?
- बाउंसरों के स्टंट पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई? जब काफिले में पुलिस की गाड़ी मौजूद थी, तब चलती गाड़ियों से लटकने और सड़क पर खतरनाक तरीके से चलने वालों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की गई?
- क्या निजी काफिले को विशेष सुविधा दी गई थी? यदि पुलिस वाहन सरकारी ड्यूटी के तहत साथ चल रहा था तो उसके आदेश और उद्देश्य की जानकारी सार्वजनिक होनी चाहिए।
वीडियो वायरल होने के बाद जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि कारोबारी के काफिले को पुलिस एस्कॉर्ट किस आदेश के तहत उपलब्ध कराया गया था और बाउंसरों द्वारा किए गए स्टंट पर क्या कार्रवाई होगी। अब देखना होगा कि जांच के बाद पुलिस इस मामले में क्या कदम उठाती है।
ये भी पढे़ं- दुर्ग में मिठाई दुकानों पर खाद्य विभाग की कार्रवाई: 100 किलो पुराना कुंदा और 15 किलो बासी गुलाब जामुन नष्ट
अर्चना झा ,डीसीपी यातयात
युगल तिवारी , विशेष संवाददाता

