दुर्ग में मिठाई दुकानों पर खाद्य विभाग की कार्रवाई: 100 किलो पुराना कुंदा और 15 किलो बासी गुलाब जामुन नष्ट, संगम स्वीट्स की बर्फी में मिली चूहे की बीट; अन्य प्रतिष्ठानों की जांच जारी
Published:
2 min read

दुर्ग में दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में 100 किलो पुराना कुंदा और 15 किलो बासी गुलाब जामुन नष्ट कराए गए।
दुर्ग। दीपावली से पहले जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाई दुकानों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है। कार्रवाई में 100 किलो पुराना कुंदा और 15 किलो बासी गुलाब जामुन नष्ट कराए गए। वहीं, एक दुकान की बर्फी में चूहे की बीट मिलने से साफ-सफाई की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
त्यौहार से पहले मिठाई दुकानों पर जांच अभियान
दीपावली का त्यौहार नजदीक आते ही दुर्ग जिले के बाजारों में मिठाई और नमकीन की मांग बढ़ गई है। इसी बीच मिलावट और खराब खाद्य सामग्री की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। विभाग की टीमें लगातार मिठाई दुकानों का निरीक्षण कर रही हैं।
बालाजी और जायका स्वीट्स में मिली पुरानी मिठाइयां
बुधवार को खाद्य विभाग की टीम ने दुर्ग स्थित जायका मिठाई और पुलगांव चौक स्थित बालाजी प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। इस दौरान बालाजी स्वीट्स से कुंदा और कलाकंद दाना के सैंपल लिए गए। वहीं, खराब होने की आशंका पर करीब 100 किलो पुराना कुंदा नष्ट कराया गया। इसके अलावा जायका स्वीट्स से 15 किलो बासी गुलाब जामुन भी नष्ट कराए गए।
संगम स्वीट्स की बर्फी में मिली चूहे की बीट
शुक्रवार को स्मृति नगर स्थित संगम मिठाई दुकान की जांच के दौरान बर्फी में चूहे की बीट मिलने का मामला सामने आया। इसके बाद खाद्य विभाग ने दुकान की मिठाइयां नष्ट कराईं। साथ ही संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने की सख्त समझाइश दी गई।
अन्य दुकानों की भी हो रही जांच
खाद्य विभाग के अधिकारी जितेंद्र नेले ने बताया कि त्यौहारों को देखते हुए लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। व्यापारियों को साफ-सुथरे वातावरण में मिठाइयां तैयार करने और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री बेचने के निर्देश दिए गए हैं। सत्यम, जलाराम और तृप्ति सहित अन्य प्रतिष्ठानों की भी जांच जारी है।
जितेंद्र नेले, खाद्य अधिकारी,दुर्ग जिला

