धार में सहकारी समिति मैनेजर के 3 ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा: 40 लाख की आय, 3.32 करोड़ का खर्च, JCB-ट्रैक्टर समेत कई वाहन और जमीन के दस्तावेज मिले; जांच जारी
Published:
2 min read

आदिम जाति सेवा सहकारी समिति नालछा के प्रबंधक शेरसिंह ठाकुर के तीन ठिकानों पर इंदौर लोकायुक्त ने सर्च कार्रवाई की। (फाइल फोटो)
धार। आदिम जाति सेवा सहकारी समिति नालछा के प्रबंधक शेरसिंह ठाकुर के खिलाफ लोकायुक्त की कार्रवाई में आय से अधिक संपत्ति का बड़ा मामला सामने आया है। इंदौर लोकायुक्त की टीम ने बुधवार सुबह 6 बजे से सोडपुर, नालछा और मांडव स्थित उनके तीन ठिकानों पर एक साथ सर्च कार्रवाई की। जांच में अब तक 3 करोड़ 32 लाख 61 हजार 575 रुपए का अनुपातहीन व्यय सामने आया है। लोकायुक्त की तीन टीमों में करीब 40 सदस्य शामिल थे। शिकायत के सत्यापन और कोर्ट से सर्च वारंट मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई लोकायुक्त DG योगेश देशमुख, DIG मनोज सिंह और इंदौर SP राजेश सहाय के मार्गदर्शन में हुई।
40 लाख की आय, 3.32 करोड़ का खर्च
जांच के अनुसार, शेरसिंह ठाकुर को वेतन से करीब 25 लाख और कृषि सहित अन्य स्रोतों से लगभग 15 लाख रुपए की आय हुई। इस तरह कुल आय करीब 40 लाख रुपए आंकी गई, जबकि इसके मुकाबले 3.32 करोड़ रुपए से अधिक का अनुपातहीन व्यय पाया गया। लोकायुक्त के मुताबिक, यह आय के मुकाबले 731 प्रतिशत अधिक है।
तीनों ठिकानों से मिला सामान
सर्च के दौरान घरेलू सामान की इन्वेंट्री 1 करोड़ 22 लाख 69 हजार 200 रुपए आंकी गई। इसके अलावा, 6 लाख 72 हजार 655 रुपए के सोना-चांदी के आभूषण और नकद राशि मिली। नालछा स्थित मकान में 1 लाख 14 हजार 450 रुपए और सोडपुर के पैतृक मकान में 6 लाख 35 हजार 340 रुपए की सामग्री दर्ज की गई
भवन, जमीन और कई वाहन भी मिले
शुरुआती सर्च में सोडपुर में 15 हजार वर्गफीट के भूखंड पर बना भवन, नालछा में एक अन्य मकान और कृषि भूमि का पता चला। इसके अलावा जेसीबी मशीन, ट्रैक्टर, टीयूवी कार और बुलेट सहित कई वाहन भी सामने आए। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया है। लोकायुक्त के अनुसार, सर्च कार्रवाई पूरी हो चुकी है, लेकिन मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।
शेरसिंह ठाकुर, सहकारी समिति प्रबंधक
आशुतोष मिठास, निरीक्षक लोकायुक्त

