धार दौरे पर आएंगे सीएम मोहन यादव: सरदारपुर में 2300 करोड़ की माइक्रो सिंचाई परियोजना का करेंगे शुभारंभ
Published:
2 min read

कार्यक्रम स्थल पहुंच कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
धार। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कल धार जिले के सरदारपुर दौरे पर आएंगे। इस दौरान वे नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण (NVDA) की करीब 2300 करोड़ रुपए की लागत वाली माइक्रो सिंचाई परियोजना का शुभारंभ करेंगे। परियोजना से धार जिले के सरदारपुर क्षेत्र के साथ पड़ोसी झाबुआ जिले के करीब 57 हजार हेक्टेयर कृषि क्षेत्र को सिंचाई सुविधा मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां की गई हैं। केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात और कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों की बैठक व्यवस्था की समीक्षा की।
2300 करोड़ की परियोजना से सिंचाई को बढ़ावा
धार कलेक्टर राजीव रंजन मीना के मुताबिक, मुख्यमंत्री प्रस्तावित दौरे के दौरान माइक्रो सिंचाई परियोजना का शुभारंभ करेंगे। योजना का उद्देश्य क्षेत्र के कृषि रकबे तक सिंचाई सुविधा पहुंचाना है। इससे धार और झाबुआ जिले के किसानों को लाभ मिलने की संभावना है।
दोनों जिलों के जनप्रतिनिधि होंगे शामिल
कार्यक्रम में धार और झाबुआ जिले के जनप्रतिनिधियों को प्रोटोकॉल के अनुसार आमंत्रित किया गया है। इसके साथ ही परियोजना से लाभान्वित होने वाले किसानों और हितग्राहियों की भी मौजूदगी रहेगी। प्रशासन कार्यक्रम को लेकर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है।
राजीव रंजन मीणा. कलेक्टर

