धार के बदनावर में लोकायुक्त की ट्रैप कार्रवाई: रिश्वत लेते हुए बिजलीकर्मी गिरफ्तार, स्थाई कनेक्शन के बदले मांगी थी 20 हजार की घूस
Published:
2 min read

बदनावर में 4 हजार की रिश्वत लेते बिजलीकर्मी रंगे हाथों पकड़ा।
धार। जिले के बदनावर में लोकायुक्त इंदौर की टीम ने बिजली कंपनी के लाइन परिचालक सौरभ कुमार जैन को 4 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ा है। आरोपी पर अस्थायी बिजली कनेक्शन को स्थायी करने के बदले 20 हजार रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
22 अक्टूबर को लोकायुक्त से की थी शिकायत
जानकारी के अनुसार, ग्राम बालोदा माझी निवासी राजेश दास ने 22 अक्टूबर को लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि लाइन परिचालक सौरभ कुमार जैन अस्थायी बिजली कनेक्शन को स्थायी करने के बदले 20 हजार रुपए मांग रहा था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी पहले ही 10 हजार रुपए नकद और 5 हजार रुपए ऑनलाइन ले चुका था। इसके बाद शेष राशि में से 4 हजार रुपए की मांग की जा रही थी।
बिजली कंपनी कार्यालय में लोकायुक्त का ट्रैप
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने आरोपों का सत्यापन किया और ट्रैप की योजना बनाई। पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के मार्गदर्शन और निरीक्षक सचिन पटेरिया के नेतृत्व में टीम ने बदनावर ग्रामीण बिजली कंपनी कार्यालय में कार्रवाई की। इस दौरान टीम ने सौरभ कुमार जैन को शिकायतकर्ता से 4 हजार रुपए लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढे़ं- धार दौरे पर आएंगे सीएम मोहन यादव: सरदारपुर में 2300 करोड़ की माइक्रो सिंचाई परियोजना का करेंगे शुभारंभ
राजेश बैरागी, फरियादी
सचिन पटेरिया, लोकायुक्त निरीक्षक

