देवास में नकली मावे से बनी 900 किलो मिठाई नष्ट: न्यू स्वदेशी स्वीट्स और राजस्थान स्वीट्स पर कार्रवाई, दोबारा गड़बड़ी पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
Published:
2 min read

देवास में न्यू स्वदेशी स्वीट्स और राजस्थान स्वीट्स से जब्त 900 किलो नकली मावे की मिठाई नष्ट की गई।
देवास। दीपावली पर्व को देखते हुए नकली मावे से बनी मिठाइयों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में न्यू स्वदेशी स्वीट्स और राजस्थान स्वीट्स से जब्त करीब 900 किलो मिठाई को नगर निगम के ट्रेंचिंग ग्राउंड में नष्ट किया गया। प्रशासन ने दोनों दुकानों से नकली मावे से बनी मिठाइयां जब्त की थीं।
दो दुकानों से जब्त की गई थी मिठाई
अपर तहसीलदार कपिल गुर्जर के मुताबिक, खाद्य पदार्थों की जांच के दौरान न्यू स्वदेशी स्वीट्स और राजस्थान स्वीट्स से नकली मावे से बनी मिठाइयां जब्त की गई थीं। जब्त मिठाइयों की मात्रा करीब 900 किलो थी। कार्रवाई के बाद इन्हें सुरक्षित रखवाया गया था। अब प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत मिठाइयों का विनष्टीकरण कराया गया।
दुकानदारों के खिलाफ न्यायालय में प्रकरण
मामले में संबंधित दुकानदारों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन मामलों की सुनवाई अपर कलेक्टर न्यायालय में चल रही है। प्रशासन ने दुकानदारों को चेतावनी दी है कि भविष्य में इस तरह की अनियमितता दोबारा सामने आने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
त्यौहार पर खाद्य पदार्थों की जांच जारी
दीपावली के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के चलते प्रशासन मिलावट के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
ये भी पढ़ें- दीपावली से पहले भोपाल में चलित कोर्ट की छापेमारी: मिठाई दुकानों-रेस्टोरेंट और रिजॉर्ट के किचन की जांच

