दीपावली से पहले भोपाल में चलित कोर्ट की छापेमारी: मिठाई दुकानों-रेस्टोरेंट और रिजॉर्ट के किचन की जांच, एक्सपायरी खाद्य सामग्री नष्ट, कई सैंपल लिए
Published:
3 min read

भोपाल में मिठाई दुकानों और रिजॉर्ट पर छापेमारी कर जांच करते हुए अधिकारी।
भोपाल। दीपावली से पहले भोपाल में चलित न्यायालय, खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार को मिठाई दुकानों, रेस्टोरेंट और रिजॉर्ट के किचन की जांच की। इस दौरान कई जगह एक्सपायरी और खराब खाद्य सामग्री मिली, जिसे मौके पर नष्ट कराया गया। वहीं, मिठाई, मावा, पनीर और तेल समेत कई खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए लिए गए। अब लैब रिपोर्ट आने के बाद होगी आगे की कार्रवाई।
नेहरू नगर में मिठाई दुकानों पर मिली एक्सपायरी सामग्री
जांच टीम ने सबसे पहले नेहरू नगर क्षेत्र की मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया। यहां माधुरी उत्तम स्वीट्स की जांच की गई। आशा स्वीट्स से रबड़ी और पनीर के सैंपल लिए गए। दुकान पर बिक्री के लिए रखी एक्सपायरी खाद्य सामग्री मिलने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कार्रवाई की गई। इसके बाद मधुराम स्वीट्स से मावा, पनीर और ड्राई फ्रूट्स के नमूने लिए गए। जांच के दौरान एक्सपायरी डेट वाले नारियल बूरे के 10 पैकेट मिले। टीम ने इन्हें मौके पर ही नष्ट करा दिया।
जवाहर चौक में एक्सपायरी जूस और कोल्ड ड्रिंक नष्ट
जवाहर चौक स्थित राजस्थान स्वीट्स का भी निरीक्षण किया गया। अनुपम स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट से लक्ष्यप्रीत ब्रांड के काजू और इस्तेमाल किए गए रिफाइंड सोयाबीन तेल के नमूने जांच के लिए लिए गए। जांच के दौरान यहां कोल्ड ड्रिंक्स, रियल जूस, काजू के पैकेट, पोमेग्रेनेट जूस और आशा ब्रांड समेत कई खाद्य पदार्थ एक्सपायरी मिले। टीम ने इन सभी अनुपयोगी उत्पादों को मौके पर ही नष्ट करा दिया।
वीआईपी रोड के रेस्टोरेंट में भी जांच
टीम ने वीआईपी रोड स्थित सुरवाना रेस्टोरेंट की जांच की। यहां कुंदन ब्रांड की बूंदी प्रथम दृष्टया गलत लेबल वाली पाई गई। इसका नमूना लेकर जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया की गई। इसके बाद लालघाटी और जीवाना वेलनेस क्षेत्र के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। जीवन रिजॉर्ट के रेस्टोरेंट किचन में खाद्य सुरक्षा और साफ-सफाई की व्यवस्था देखी गई। जीवाना वेलनेस स्थित गागर से कलाकंद का सैंपल लिया गया। वहीं, A&A Enterprises से हैंडक्राफ्टेड ब्रेड और फलाफल के नमूने लिए गए।
दीवाना रिजॉर्ट के किचन में शाकाहारी और नॉनवेज सामग्री साथ रखी मिली
दीवाना रिजॉर्ट के किचन की जांच के दौरान शाकाहारी और नॉनवेज खाद्य सामग्री एक साथ रखी मिली। इसके अलावा लंबे समय से रखी संदिग्ध और खराब होने की स्थिति में पहुंच चुकी तैयार नॉनवेज सामग्री भी मिली। न्यायालय के निर्देश पर खराब खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया। इसके साथ ही कोका-कोला और अन्य शीतल पेय पदार्थों की अनुपयोगी सामग्री भी हटवाई गई।
न्यू मार्केट में चार तरह की मिठाइयों के सैंपल लिए
जांच टीम ने न्यू मार्केट स्थित बृजवासी स्वीट्स से मीठा मावा, कुंदा मिठाई, मिल्क केक और बेसन के लड्डू के नमूने लिए। इसके बाद रोशनपुरा चौराहे पर स्थित बृजवासी स्वीट्स का निरीक्षण किया गया। टीम ने डोमिनोज पिज्जा और पिज्जा हट में भी खाद्य सुरक्षा और साफ-सफाई से जुड़ी व्यवस्थाओं की जांच की।
लैब रिपोर्ट आने के बाद होगी आगे की कार्रवाई
चलित न्यायालय की इस कार्रवाई के दौरान अलग-अलग दुकानों और प्रतिष्ठानों से लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जिन दुकानों और रिजॉर्ट में एक्सपायरी या खराब खाद्य सामग्री मिली, उसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। प्रशासन का उद्देश्य दीपावली के दौरान मिलावटी और खराब खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाना और लोगों की सेहत सुरक्षित रखना है।

