दतिया में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित : निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति, मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट किया जारी
Published:
3 min read

दतिया समेत आसपास के जिलों में 3 मौसम प्रणालियां सक्रिय।
दतिया। बुधवार सुबह से शुरू हुई मूसलाधार बारिश का दौर लगातार जारी है। तेज बारिश के चलते शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने दतिया सहित कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है।
तीन मौसम प्रणालियां एक साथ सक्रिय
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में इस समय एक साथ तीन प्रमुख मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। इन प्रणालियों के प्रभाव से वातावरण में लगातार नमी पहुंच रही है, जिसके चलते बादलों का घनत्व बढ़ा है और कई इलाकों में तेज बारिश का दौर बना हुआ है। पूर्वी मध्य प्रदेश में ऊपरी हवाओं में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। वहीं दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश में भी एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जो मानसून ट्रफ से जुड़ा हुआ है। इसके अलावा मानसून ट्रफ भी सक्रिय है, जो जम्मू, देहरादून, शाहजहांपुर, वाराणसी, झारखंड होते हुए बंगाल की खाड़ी तक प्रभाव डाल रही है।
अगले 24 घंटे में अति भारी बारिश की संभावना
इन मौसम प्रणालियों के आपस में सक्रिय रहने से क्षेत्र में नमी का प्रवाह बढ़ गया है। यही वजह है कि दतिया समेत आसपास के जिलों में बारिश की तीव्रता बढ़ी हुई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले 24 घंटे में 115.5 मिलीमीटर से अधिक बारिश होने की संभावना है।
कई इलाकों में जलभराव की स्थिति देखने को मिली
लगातार बारिश से दतिया शहर के किला चौक, पंडा की नरिया, दांतरे की नरिया, छोटा बाजार, बस स्टैंड और उनाव रोड सहित कई इलाकों में जलभराव की स्थिति देखने को मिली। सड़कों पर पानी भरने से वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को परेशानी हुई। जलभराव ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की भी पोल खोल दी।
दतिया के अलावा भिंड और सागर में भी ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने दतिया के अलावा भिंड और सागर में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, सीहोर, शाजापुर, राजगढ़, आगर-मालवा, उज्जैन, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, दमोह, मैहर और सिवनी में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
जल निकासी व्यवस्था पर उठे सवाल
मौसम विभाग के अनुसार बारिश का यह दौर अगले तीन दिनों तक बना रह सकता है। बुधवार और गुरुवार को दतिया में विशेष रूप से तेज बारिश की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने निचले इलाकों पर नजर रखने के साथ लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
ये भी पढ़ें- दतिया में ऑनलाइन सट्टा अड्डे पर पुलिस का छापा: 4 आरोपी गिरफ्तार, लैपटॉप, 6 मोबाइल और सट्टे का रजिस्टर जब्त

