दतिया में ऑनलाइन सट्टा अड्डे पर पुलिस का छापा: 4 आरोपी गिरफ्तार, लैपटॉप, 6 मोबाइल और सट्टे का रजिस्टर जब्त
Published:
2 min read

3 आरोपी जेल भेजे गए, मुख्य आरोपी से पूछताछ जारी
दतिया। ऑनलाइन जुए और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इंदरगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन सट्टा संचालित करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से एक लैपटॉप, छह मोबाइल फोन और एक रजिस्टर जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ जुआ/सट्टा एक्ट और आईटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टे का कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है।
मुखबिर की सूचना पर देर रात दबिश
पुलिस के अनुसार 26 अगस्त की दरम्यानी रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि इंदरगढ़ में लाखन यादव के किराए के मकान में कुछ लोग ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए इंदरगढ़ थाना पुलिस की टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस के पहुंचते ही मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को पकड़ लिया।
चार आरोपी गिरफ्तार, सामान जब्त
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास शर्मा निवासी बघनपुरा, कृष्णा योगी निवासी सेवढ़ा रोड इंदरगढ़, प्रहलाद चौहान निवासी कडूरा, देवेंद्र धाकड़ निवासी भगुवापुरा के रूप में हुई है। वहीं पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से ऑनलाइन सट्टे में इस्तेमाल किया जा रहा एक लैपटॉप, छह मोबाइल फोन और एक रजिस्टर बरामद किया है। जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और रजिस्टर की जांच की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जांच से ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।
तीन जेल भेजे गए, मुख्य आरोपी रिमांड पर
कार्रवाई के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ जुआ/सट्टा एक्ट और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने तीन आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब मुख्य आरोपी से पूछताछ कर ऑनलाइन सट्टे के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। आशंका है कि इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता और ऑनलाइन लेन-देन से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग सामने आ सकते हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- श्योपुर के बालापुरा में अंतिम यात्रा भी बनी मुसीबत: कीचड़-पानी से होकर अर्थी लेकर गुजरने को मजबूर ग्रामीण

