दतिया में अवैध पटाखा निर्माण ठिकाने पर पुलिस का छापा: महिला द्वारा तैयार किए गए 60 पटाखे समेत पोटाश जब्त, विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज
Published:
2 min read

पुलिस ने आमजन से की सतर्क रहने की अपील (फाइल फोटो)
दतिया। जिले के उनाव थाना क्षेत्र में रिहायशी मकान में अवैध रूप से पटाखे बनाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने एक महिला के मकान पर छापा मारकर पटाखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और विस्फोटक पदार्थ जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 10 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, महिला अपने मकान के बाहर बने कमरे में बिना अनुमति पटाखे तैयार कर रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान कमरे से पटाखे बनाने की सामग्री बरामद हुई। आबादी के बीच इस तरह की गतिविधि से आसपास के लोगों की सुरक्षा को खतरा हो सकता था।
60 तैयार पटाखे और पोटाश जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 60 तैयार पटाखे, करीब 200 खाली कागज के खोल, 100 बत्तियां और 200 ग्राम पोटाश सहित अन्य सामग्री जब्त की। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 10 हजार रुपए आंकी गई है।
विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज
पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ उनाव थाने में अपराध क्रमांक 214/2026 के तहत विस्फोटक अधिनियम में मामला दर्ज किया है। पुलिस अब जांच कर रही है कि महिला कब से पटाखे बना रही थी और इसके लिए सामग्री कहां से लाई जा रही थी। तैयार पटाखों की बिक्री कहां की जाती थी, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने की सतर्क रहने की अपील
दतिया पुलिस ने लोगों से रिहायशी इलाकों में अवैध रूप से पटाखे बनाने और उनका भंडारण नहीं करने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक, ऐसी गतिविधियां आसपास रहने वाले लोगों की जान-माल के लिए खतरा बन सकती हैं। इस तरह की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है।

