दतिया में ड्यूटी के दौरान कंप्यूटर पर ताश खेलते दिखे नायब तहसीलदार: किसान ने बनाया वीडियो, सोशल मीडिया पर वायरल; कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश
Published:
2 min read

नायब तहसीलदार रामनरेश बाबू की कुर्सी पर बैठकर गेम खेल रहे थे, किसान ने बनाया वीडियो। (फाइल फोटो)
दतिया। जिले की सेवढ़ा तहसील में कार्यालयीन समय के दौरान नायब तहसीलदार रामनरेश के कंप्यूटर पर ताश का गेम खेलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि किसी काम से तहसील कार्यालय पहुंचे एक किसान ने अपने मोबाइल से यह वीडियो बनाया था। वीडियो सामने आने के बाद दतिया कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश जारी किए हैं।
किसान ने मोबाइल से बनाया वीडियो
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो गुरुवार सुबह करीब 10 बजे का बताया जा रहा है। इसमें नायब तहसीलदार रामनरेश अपने कार्यालय कक्ष में कंप्यूटर पर ताश के पत्तों वाला गेम खेलते नजर आ रहे हैं।
बताया गया है कि किसी काम से तहसील कार्यालय पहुंचे एक किसान ने अधिकारी को कंप्यूटर पर गेम खेलते देखा और अपने मोबाइल में इसका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। बाद में किसान ने इसे सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद वीडियो तेजी से वायरल हो गया।
कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश
वीडियो उच्च अधिकारियों तक पहुंचने के बाद कलेक्टर ने जांच के निर्देश दिए। जांच में वीडियो की सत्यता, उसे बनाए जाने के समय और उस दौरान की परिस्थितियों की पड़ताल की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
नायब तहसीलदार का पक्ष सामने नहीं आया
वीडियो वायरल होने के बाद सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों के कामकाज और अनुशासन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। तहसील कार्यालयों में नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और भू-अभिलेख से जुड़े कामों के लिए किसान और ग्रामीण पहुंचते हैं। ऐसे में कार्यालयीन समय के दौरान अधिकारी के कंप्यूटर पर गेम खेलने का वीडियो सामने आने से तहसील की कार्यप्रणाली को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।
हालांकि, वायरल वीडियो की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। इस मामले में नायब तहसीलदार रामनरेश का पक्ष भी सामने नहीं आया है। अब सबकी नजर जांच रिपोर्ट और उसके आधार पर होने वाली कार्रवाई पर है।
ये भी पढे़ं- छतरपुर में बाजार मारपीट कांड में 4 बदमाश गिरफ्तार: लाठी-डंडे भी बरामद, पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में किया पेश
वायरल वीडियो

