छतरपुर में बाजार मारपीट कांड में 4 बदमाश गिरफ्तार: लाठी-डंडे भी बरामद, पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में किया पेश
Published:
2 min read

बक्सवाहा थाना पुलिस ने मारपीट के मामले में फरार चल रहे 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
छतरपुर। जिले के बक्सवाहा थाना पुलिस ने एकत्रित होकर मारपीट करने और गंभीर चोट पहुंचाने के मामले में फरार चल रहे 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए लाठी-डंडे भी बरामद किए हैं। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।
बुधवारा बाजार में हुई थी मारपीट
पुलिस के अनुसार, सितंबर 2026 में बक्सवाहा कस्बे के बुधवारा बाजार में फरियादी मनीष जैन के साथ कुछ लोगों ने एकत्रित होकर मारपीट की थी। शिकायत मिलने पर पुलिस ने बलवा और मारपीट सहित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान मेडिकल रिपोर्ट में गंभीर चोट सामने आने के बाद पुलिस ने प्रकरण में गंभीर चोट से संबंधित धारा भी बढ़ाई। इसके बाद से पुलिस मामले में शामिल आरोपियों की तलाश कर रही थी।
वार्ड-12 के चार आरोपी गिरफ्तार, लाठी-डंडे बरामद
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बक्सवाहा के वार्ड क्रमांक 12 निवासी बिट्टू उर्फ देवेश सोनी, योगेश सोनी, शिवा उर्फ सालू सोनी और अनिरुद्ध सोनी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से मारपीट की घटना में इस्तेमाल किए गए लाठी-डंडे भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया।
SDOP के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई SDOP बड़ा मलहरा प्रकाश मिश्रा के मार्गदर्शन और बक्सवाहा थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत सेन के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कादिर खान, उपनिरीक्षक अवधेश दुबे, आरक्षक संजय लोधी और भरत सहित अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका रही।
ये भी पढ़ें- निवाड़ी में त्यौहारों से पहले अतिक्रमण हटाने पर विवाद: नगर परिषद ने हाथ ठेले और टीन शेड हटाए
अरुण सोनी, CSP

