दतिया के सेवढ़ा में बाउंड्री निर्माण को लेकर खूनी संघर्ष: दो पक्षों में जमकर चले लाठी-डंडे, महिला समेत 3 घायल; वीडियो वायरल होने पर केस दर्ज
Published:
2 min read

दतिया के मठनपुरा में बाउंड्री बनाने को लेकर विवाद, लाठी-डंडों से मारपीट
दतिया। सेवढ़ा थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 1 स्थित मठनपुरा में बाउंड्री बनाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे। घटना का वीडियो सोमवार को सामने आया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। शिकायतकर्ता ने मारपीट में खुद सहित अपनी पत्नी और बेटे के घायल होने की बात कही है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रास्ता छोड़ने की बात पर शुरू हुआ विवाद
मठनपुरा निवासी मुकेश वाथम (42), पुत्र शिब्बू वाथम ने सेवढ़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, 25 अक्टूबर को दोपहर करीब 2 बजे पड़ोसी मंगल वाथम और उसके बेटे तुलसी व गिर्राज बाउंड्री का निर्माण कर रहे थे। इसी दौरान रास्ता छोड़ने की बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
गाली-गलौज के बाद लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप
मुकेश वाथम का आरोप है कि विवाद के दौरान मंगल ने गाली-गलौज की, जबकि तुलसी और गिर्राज ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार, मारपीट में उसके सिर और हाथ में चोट आई। वहीं, उसके बेटे मिंटू के सिर और पत्नी बिनीता के सिर व पैरों में चोटें आईं।
शिकायत में यह भी बताया गया कि विवाद के दौरान बीच-बचाव करने के लिए मुकेश का साला अनुराग वाथम और पड़ोसी राहुल वाथम मौके पर पहुंचे। शिकायतकर्ता ने आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
सेवढ़ा थाना प्रभारी संजीव बिरथरे ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

