दतिया में नरोत्तम मिश्रा का कांग्रेस पर निशाना: बोले- चुनाव के बाद कहां चले जाते हैं नेता? रिछरा गांव में अहिरवार-जाटव समाज के समारोह को किया संबोधित
Published:
2 min read

ग्राम रिछरा पहुंचने पर ग्रामीणों ने डॉ. नरोत्तम मिश्रा का तुलादान किया।
दतिया। मध्यप्रदेश के पूर्व गृहमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने रविवार को कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद जनता के बीच नजर नहीं आते। वे अपने एक दिवसीय दतिया प्रवास के दौरान ग्राम रिछरा में अहिरवार जाटव समाज के समारोह को संबोधित कर रहे थे।
चुनाव के बाद कहां चले जाते हैं कांग्रेस नेता?
डॉ. मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस नेता चुनाव के दौरान भाजपा पर संविधान बदलने जैसे आरोप लगाते हैं और जनता से समर्थन मांगते हैं, लेकिन विकास के मुद्दे पर उनकी सोच स्पष्ट नजर नहीं आती। उन्होंने सवाल उठाया कि चुनाव खत्म होते ही कांग्रेस के नेता कहां चले जाते हैं, यह जनता को पता नहीं चलता।
उन्होंने कहा कि राजनीति का उद्देश्य सिर्फ चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करना और क्षेत्र का विकास करना होना चाहिए। जनप्रतिनिधि की पहचान चुनाव के बाद जनता के बीच उसकी मौजूदगी और कामों से होती है।
माला पहनाकर स्वागत, तुलादान भी किया
ग्राम रिछरा पहुंचने पर ग्रामीणों ने डॉ. मिश्रा का फूलों की माला पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद उनका तुलादान भी किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लिया।
केंद्र और राज्य सरकार के काम गिनाए
अपने संबोधन में डॉ. मिश्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनसेवा और विकास को प्राथमिकता दे रही है। साथ ही योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने के लिए काम कर रही है।
ये भी पढे़ं- भोपाल में पत्रकार के साथ लूट: बेखौफ बदमाशों ने संदीप सिंह से झपटा 1.50 लाख का मोबाइल, बाइक सवार आरोपी CCTV में कैद
डॉ नरोत्तम मिश्रा, प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता

