भोपाल में पत्रकार के साथ लूट: बेखौफ बदमाश 1.50 लाख का मोबाइल झपटकर फरार, आरोपी CCTV में कैद
Published:
2 min read

शाहपुरा में टहल रहे पत्रकार से मोबाइल झपटकर भागे बाइक सवार बदमाश।
भोपाल। राजधानी के शाहपुरा थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक पत्रकार को निशाना बनाते हुए दो बदमाश उनके हाथ से करीब डेढ़ लाख रुपए कीमत का मोबाइल फोन झपटकर फरार हो गए। वारदात उस समय हुई, जब पत्रकार टहलकर अपने घर लौट रहे थे और रास्ते में फोन पर बात कर रहे थे। घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
फोन पर बात करते समय झपटा मोबाइल
न्यूज एजेंसी में सेवाएं दे रहे पत्रकार शाहपुरा क्षेत्र में रहते हैं। रविवार शाम वह घर के आसपास टहलने निकले थे। टहलने के बाद मुख्य सड़क से घर की ओर जाते समय उनके मोबाइल पर कॉल आया। वह फोन पर बात करते हुए आगे बढ़ रहे थे, तभी पीछे से बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने वारदात को अंजाम दे दिया। बाइक पर पीछे बैठे युवक ने अचानक उनके हाथ से मोबाइल छीन लिया। पत्रकार जब तक कुछ समझ पाते, दोनों आरोपी तेज रफ्तार से बाइक लेकर मौके से भाग निकले। इसके बाद पीड़ित ने शाहपुरा थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।
CCTV फुटेज में नजर आए आरोपी
वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की। एक कैमरे में बाइक सवार दोनों संदिग्ध वारदात को अंजाम देते दिखाई दिए हैं। हालांकि, कैमरे की दूरी अधिक होने के कारण आरोपियों के चेहरे साफ नजर नहीं आ रहे हैं। बाइक का नंबर भी स्पष्ट नहीं हो सका है। ऐसे में पुलिस आसपास की मुख्य सड़कों और अन्य रास्तों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
ये भी पढ़ें- ग्वालियर के आई केयर क्लीनिक में मोबाइल ब्लास्ट : आग की लपटें उठते ही भागते नजर आए मरीज; इलाज कराने पहुंचा था युवक

