दतिया में करैरा जेल में बंद कैदी पर FIR दर्ज: परिजनों का आरोप- रंजिशन झूठा केस दर्ज कराया; एएसपी से निष्पक्ष जांच की मांग
Published:
2 min read

आरोपी के भाई ने एएसपी को पुलिस अधीक्षक के नाम सौंपा आवेदन
दतिया। सिविल लाइन थाने में एक ऐसे व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने का मामला सामने आया है, जो पहले से शिवपुरी जिले की करैरा जेल में बंद है। ग्राम पलोथर निवासी सुमित यादव के परिजनों का आरोप है कि उसे झूठे मामले में फंसाया गया है। सुमित के भाई ने इस संबंध में एएसपी मनजीत सिंह चावला को पुलिस अधीक्षक के नाम आवेदन सौंपकर पूरे मामले की वरिष्ठ अधिकारी से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
13 सितंबर से जेल में बंद
अमित यादव के अनुसार सुमित को 13 सितंबर 2026 को करैरा न्यायालय ने न्यायिक अभिरक्षा में भेजा था। वह उसी दिन से करैरा जेल में बंद है। आवेदन में कहा गया है कि सुमित जेल में रहते हुए किसी घटना में शामिल नहीं हो सकता।
20 सितंबर को दर्ज कराई गई रिपोर्ट
परिजनों का आरोप है कि 20 सितंबर 2026 को लाल उर्फ रंजीत ने षड्यंत्रपूर्वक झूठी और निराधार रिपोर्ट दर्ज कराई। इस रिपोर्ट में एफआईआर क्रमांक 275/26 के तहत सुमित का नाम लिखाया गया। परिजनों का कहना है कि घटना के समय सुमित जेल में बंद था, इसलिए वह निर्दोष है। आवेदन में फरियादी पर झूठा प्रकरण पंजीबद्ध कराने का आरोप लगाया गया है।
न्याय की मांग
परिजनों ने एएसपी को ज्ञापन सौंपकर न्याय की मांग की है। उन्होंने मांग की है कि सुमित के विरुद्ध दर्ज एफआईआर की निष्पक्ष जांच किसी वरिष्ठ अधिकारी से कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
एएसपी बोले- निष्पक्ष जांच होगी
पूरे मामले को लेकर एएसपी मनजीत सिंह चावला ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि संबंधित व्यक्ति पहले से जेल में बंद है, तो उसका नाम एफआईआर से पृथक किया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी व्यक्ति ने झूठी एफआईआर कराई है, तो उसके खिलाफ भी विधि संगत कार्रवाई की जाएगी।
मंजीत सिंह चावला, ASP

