दतिया में अवैध पटाखों की बिक्री में एक आरोपी गिरफ्तार: 45 हजार रुपए की विस्फोटक सामग्री जब्त; बिना लाइसेंस के बेच रहा था पटाखे
Published:
2 min read

दतिया में अवैध पटाखों की बिक्री के खिलाफ पुलिस एक्शन
दतिया। मध्यप्रदेश के दतिया जिले में अवैध पटाखों की बिक्री के खिलाफ भाण्डेर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 45 हजार रुपए कीमत के विभिन्न प्रकार के पटाखे और विस्फोटक सामग्री जब्त की है। आरोपी के पास पटाखों के भंडारण और बिक्री का वैध लाइसेंस नहीं था।
मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार, 1 नवंबर 2026 को थाना भाण्डेर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सरसई रोड स्थित भटनागर मैरिज गार्डन के पास अवैध रूप से पटाखों की बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए आरोपी जयजयराम पुत्र रामप्रसाद गुप्ता, उम्र 40 वर्ष, निवासी महावीर कॉलोनी, इंदरगढ़, हाल निवासी छिपेटी मोहल्ला, भाण्डेर को पकड़ा।
45 हजार रुपए की सामग्री जब्त
पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो उसके कब्जे से विभिन्न प्रकार के पटाखे और विस्फोटक सामग्री बरामद हुई। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 45 हजार रुपए आंकी गई है। पूछताछ के दौरान आरोपी पटाखों के भंडारण और बिक्री से संबंधित कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।इसके बाद पुलिस ने पटाखों और विस्फोटक सामग्री को जब्त कर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज करते हुए वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।
अवैध पटाखों के कारोबार पर सख्ती
पुलिस के अनुसार, पटाखों और विस्फोटक सामग्री का बिना अनुमति भंडारण एवं विक्रय आगजनी और जनहानि का कारण बन सकता है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन कर पटाखों का भंडारण, निर्माण या बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
ये भी पढ़ेें - देवास TI हत्याकांड: पैतृक गांव बरमंडल में होगा राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार; शराब तस्करों को पकड़ने के दौरान वाहन ने कुचला

