दतिया में धूमधाम से मनाया गया 71वां मध्यप्रदेश स्थापना दिवस: 31 ग्राम पंचायतों को सम्मान, मेधावी छात्रा को 1 लाख का चेक; सेवढ़ा विधायक ने किया ध्वजारोहण
Published:
3 min read

राज्य स्तरीय क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को दिए ट्रैक्टर, बुलेट और स्कूटी के प्रमाण-पत्र।
दतिया। जिले में रविवार को 71वां मध्यप्रदेश स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य समारोह में सेवढ़ा विधायक प्रदीप अग्रवाल ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया। हाईस्कूल बसई की मेधावी छात्रा को एक लाख रुपए का चेक दिया गया, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने वाली जिले की 31 ग्राम पंचायतों को पुरस्कृत किया गया।
पीएम आवास में बेहतर प्रदर्शन पर पंचायतों को पुरस्कार
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने पर दतिया की 5, भांडेर की 2 और सेवढ़ा की 24 ग्राम पंचायतों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा निर्वाचन कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों, पंचायत विभाग के अभियंताओं और शिक्षा विभाग के शिक्षकों को भी सम्मान मिला। किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व के तहत जनवरी में आयोजित राज्य स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले किसानों को ट्रैक्टर, बुलेट और स्कूटी के पुरस्कार प्रमाण-पत्र दिए गए।
प्रदर्शनी के अवलोकन से हुई शुरुआत
समारोह की शुरुआत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी के अवलोकन से हुई। इसके बाद पुलिस बल ने बैंड की प्रस्तुति के साथ गार्ड ऑफ ऑनर दिया। शासकीय हाईस्कूल की छात्राओं ने मध्यप्रदेश गान प्रस्तुत किया। विधायक प्रदीप अग्रवाल ने उपस्थित लोगों को प्रदेश की प्रगति में योगदान देने का संकल्प दिलाया।
सड़क और नदी जोड़ो परियोजनाओं को बताया अहम
विधायक प्रदीप अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सड़क और नदी जोड़ो परियोजनाओं को प्रदेश के विकास और भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने प्रदेश को देश में श्रेष्ठ स्थान पर पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयासों की जरूरत बताई।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दिया जागरूकता का संदेश
समारोह में विद्यार्थियों ने 'प्यारा मध्यप्रदेश' विषय पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। नशामुक्ति पर आधारित नाटक के जरिए सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया। प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। प्रदर्शनी में कृषि विज्ञान केंद्र ने पराली और नरवाई प्रबंधन, जैविक-प्राकृतिक खेती तथा मोटे अनाज के महत्व की जानकारी दी। पशुपालन और आत्मा विभाग ने अपनी योजनाओं की जानकारी दी, जबकि कृषि अभियांत्रिकी विभाग ने आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रदर्शन किया।
प्रदीप अग्रवाल, विधायक

