इंदौर में राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए नेहरू स्टेडियम की मांग तेज: ‘छात्रों की गूंज’ के लिए मैदान देने की अनुमति देने की मांग, जीतू पटवारी ने सीएम और नगरीय प्रशासन से की अपील
Published:
2 min read

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की सोशल मीडिया पर पोस्ट किया।
इंदौर में राहुल गांधी के प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने नेहरू स्टेडियम उपलब्ध कराने की मांग तेज कर दी है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और नगरीय प्रशासन मंत्री से इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है।
नेहरू स्टेडियम उपलब्ध कराने की मांग
पटवारी ने सरकार से कांग्रेस के प्रस्ताव को संज्ञान में लेते हुए कार्यक्रम के लिए नेहरू स्टेडियम तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि यह आयोजन किसी राजनीतिक प्रचार का हिस्सा नहीं है, बल्कि युवाओं और शिक्षा के भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद के लिए आयोजित किया जा रहा है।
पटवारी ने कहा कि देश के युवाओं के सामने शिक्षा, रोजगार और भविष्य से जुड़े कई सवाल हैं, जिन पर गंभीर संवाद जरूरी है। उन्होंने कहा, “शिक्षा सुरक्षित रहेगी, तभी देश का भविष्य बचेगा।”
प्रस्ताव पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार से अपील की कि नियम-कायदों की आड़ में छात्रों से जुड़े इस कार्यक्रम को रोकने का प्रयास न किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार को इस विषय की गंभीरता और राष्ट्रीय महत्व को समझना चाहिए। पटवारी ने मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री से कांग्रेस के प्रस्ताव पर शीघ्र निर्णय लेते हुए नेहरू स्टेडियम तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की है।

