राहुल गांधी के इंदौर दौरे की तैयारियां तेज: कांग्रेस की होंगी मैराथन बैठकें, प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, जीतू पटवारी और उमंग सिंघार होंगे शामिल
Published:
2 min read

फाइल फोटो।
इंदौर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित इंदौर दौरे को लेकर पार्टी की तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को कांग्रेस की लगातार मैराथन बैठकें आयोजित की जाएंगी। दोपहर 1 बजे से शाम 7 बजे तक अलग-अलग स्तर पर होने वाली बैठकों में प्रदेश और स्थानीय संगठन के पदाधिकारी शामिल होंगे।
बैठकों में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर होगी चर्चा
बैठकों में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, PCC चीफ जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार मौजूद रहेंगे। इस दौरान विधायकों और विधानसभा प्रभारियों से राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर चर्चा की जाएगी।
महिला-युवा कांग्रेस और NSUI के पदाधिकारी भी दिशा-निर्देश
इसके अलावा जिला और शहर कांग्रेस के पदाधिकारियों की बैठक भी होगी। महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और NSUI के पदाधिकारी भी तैयारियों को लेकर अपनी जिम्मेदारियों पर चर्चा करेंगे। पार्टी की IT सेल और सोशल मीडिया टीम को भी कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार और डिजिटल तैयारियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
कार्यक्रम स्थल को लेकर मंथन जारी
सबसे अहम मुद्दा राहुल गांधी के कार्यक्रम के स्थान को लेकर है। फिलहाल कार्यक्रम स्थल तय नहीं हो पाया है और कांग्रेस में इसे लेकर मंथन जारी है। बताया जा रहा है कि आज होने वाली बैठकों के दौरान संभावित स्थलों पर चर्चा के साथ अंतिम निर्णय लेने की कोशिश की जाएगी।
कांग्रेस का फोकस कार्यक्रम को सफल बनाने के साथ अधिक से अधिक युवाओं और छात्रों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर है। ऐसे में आज की बैठकों को दौरे की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें- इंदौर चिड़ियाघर में बढ़ा बाघों का कुनबा: शेरनी सुंदरी ने दो शावकों को जन्म, जू में शेरों की संख्या बढ़कर हुई 14

