दिल्ली में कांग्रेस के पैदल मार्च से पहले जीतू की इंदौर में बड़ी बैठक: कार्यकर्ताओं को हर वार्ड से दो गाड़ियां भरकर दिल्ली ले जाने का दिया लक्ष्य
Published:
2 min read

कांग्रेस का पैदल मार्च 1 नवंबर को, जीतू पटवारी ने इंदौर में दिए निर्देश
इंदौर। वोट चोर गद्दी छोड़ के नारे के साथ कांग्रेस 1 नवंबर को दिल्ली में बड़ा पैदल मार्च निकालने जा रही है। राहुल गांधी के नेतृत्व में होने वाले इस आंदोलन में मध्य प्रदेश से ज्यादा से ज्यादा कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को दिल्ली पहुंचाने की तैयारी है। इसी सिलसिले में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी लगातार बैठकें कर रहे हैं। बुधवार को इंदौर के गांधी भवन में शहर और जिला कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इसमें जीतू पटवारी ने हर वार्ड से दो बड़ी गाड़ियां दिल्ली ले जाने का लक्ष्य दिया। कांग्रेस का दावा है कि मध्य प्रदेश और इंदौर से बड़ी संख्या में लोग वोट चोरी के खिलाफ आवाज उठाने दिल्ली पहुंचेंगे।
दिल्ली में 1 नवंबर को कांग्रेस का पैदल मार्च
दिल्ली में 1 नवंबर को होने वाले कांग्रेस के पैदल मार्च को लेकर इंदौर में तैयारियां तेज हो गई हैं। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की मौजूदगी में गांधी भवन में इंदौर शहर और जिला कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व मंत्री बाला बच्चन, कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य नसीम खान और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सहप्रभारी उषा नायडू सहित बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हर वार्ड से दो बड़ी गाड़ियां भर के दिल्ली से भेजने की तैयारी
बैठक में जीतू पटवारी ने कार्यकर्ताओं को दिल्ली पहुंचने के निर्देश देते हुए कहा कि इंदौर शहर और जिले के हर वार्ड से दो बड़ी गाड़ियां दिल्ली जानी चाहिए। कांग्रेस प्रदेशभर से अधिक से अधिक लोगों को जुटाकर वोट चोरी के मुद्दे पर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने की तैयारी में है। अब पार्टी की कोशिश है कि इंदौर सहित मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचें।
जीतू पटवारी, प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस, मध्यप्रदेश

