CM मोहन यादव के पिछोर दौरे से पहले उठीं बड़ी मांगें: पिछोर को जिला बनाने, किले का सौंदर्यीकरण और रेल मार्ग पर जोर
Published:
2 min read

CM के दौरे पर उठेगी जिला बनाने की मांग, विधायक रखेंगे 3 मुद्दे
शिवपुरी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 13 नवंबर को प्रस्तावित पिछोर दौरे से पहले क्षेत्र की विकास संबंधी मांगें सामने आने लगी हैं। पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी मुख्यमंत्री के सामने पिछोर को जिला बनाने, ऐतिहासिक किले का सौंदर्यीकरण कराने और क्षेत्र को रेल मार्ग से जोड़ने की मांग रखेंगे। विधायक ने कहा कि इन मांगों से पिछोर को नई पहचान मिल सकती है।
किले को पर्यटन केंद्र बनाने की मांग
विधायक प्रीतम लोधी ने कहा कि पिछोर के ऐतिहासिक किले का सौंदर्यीकरण कराया जाना चाहिए। यहां रिसॉर्ट विकसित कर इसे पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने की मांग भी मुख्यमंत्री के सामने रखी जाएगी। इससे देशभर के पर्यटक यहां आ सकेंगे और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
जिला बनाने और रेल कनेक्टिविटी पर जोर
विधायक के मुताबिक, पिछोर को जिला बनाने की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी। इसके साथ ही क्षेत्र को रेल मार्ग से जोड़ने की जरूरत भी बताई जाएगी, ताकि लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सके। विधायक ने कहा कि उनके डायमंड कार्यकर्ता भी इन मांगों को मुख्यमंत्री के सामने रखेंगे।
13 नवंबर को लाड़ली बहना कार्यक्रम में आएंगे CM
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13 नवंबर को पिछोर के छत्रसाल स्टेडियम में प्रस्तावित राज्य स्तरीय लाड़ली बहना राशि अंतरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का 12 से 14 नवंबर तक शिवपुरी जिले का दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान वे जिले के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। दोनों नेताओं के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए कलेक्टर अर्पित वर्मा ने कोलारस और पिछोर पहुंचकर कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया है।

प्रीतम सिंह लोधी ,विधायक पिछोर
प्रीतम सिंह लोधी ,विधायक पिछोर

