छतरपुर में दीपावली पर वीरेंद्र खटीक का दिखा अनोखा अंदाज: बाजार में घुम कर दीं व्यापारियों को शुभकामनाएं, लोगों से स्थानीय दुकानदारों से खरीदारी की अपील
Published:
2 min read

वीरेंद्र खटीक ने लोगों से की दीपावली पर स्थानीय दुकानदारों से खरीदारी की अपील।
छतरपुर। केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र खटीक ने दीपावली के अवसर पर क्षेत्र, प्रदेश और देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लोगों से त्यौहार पर स्थानीय दुकानदारों, फुटपाथ कारोबारियों और हाथ ठेला संचालकों से सामान खरीदने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'वोकल फॉर लोकल' संदेश को अपनाकर छोटे कारोबारियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा सकता है।
स्थानीय दुकानदारों से खरीदारी करने की अपील
केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र खटीक ने कहा कि दीपावली पर लोग घर की सजावट, पूजा सामग्री और कपड़ों सहित कई चीजों की खरीदारी करते हैं। इस दौरान बड़े मॉल और दुकानों के साथ छोटे दुकानदारों को भी प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले और हाथ ठेला चलाने वाले कारोबारियों से सामान खरीदने से उन्हें आर्थिक मदद मिलेगी। इससे छोटे व्यापारियों के घरों में भी दीपावली की खुशियां आएंगी और वे अपना त्यौहार अच्छे से मना सकेंगे।
अकेले रहने वाले बुजुर्गों के घर जलाएं दीपक
केंद्रीय मंत्री ने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास रहने वाले अकेले बुजुर्गों का भी ध्यान रखें। ऐसे बुजुर्गों के घर जाकर एक दीपक जलाएं, उनका हालचाल पूछें और उन्हें प्रसाद दें।उन्होंने कहा कि इस छोटे से प्रयास से बुजुर्गों को अपनापन महसूस होगा। उन्हें लगेगा कि वे अकेले नहीं हैं और समाज उनके साथ खड़ा है।
खुशियां बांटने का संदेश देती है दीपावली
वीरेंद्र खटीक ने कहा कि दीपावली केवल अपने घर को रोशन करने का त्यौहार नहीं है, बल्कि दूसरों के जीवन में भी खुशियां और रोशनी पहुंचाने का अवसर है। उन्होंने लोगों से स्थानीय कारोबारियों की मदद करने और जरूरतमंदों के साथ त्यौहार की खुशियां बांटने का संकल्प लेने की अपील की।
वीरेन्द्र खटीक, केन्द्रीय मंत्री

