छतरपुर में यात्री प्रतीक्षालय के पास मिली 1.32 लाख की अवैध शराब: 4 बैग में रखी थीं 84 बोतलें, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में किया पेश
Published:
2 min read

छतरपुर के महोबा रोड फोरलेन पर यात्री प्रतीक्षालय के पास से पुलिस ने 63 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की।
छतरपुर। जिले की कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महोबा रोड फोरलेन हाईवे स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास से 4 बैग में रखी 84 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त की है। शराब की कुल मात्रा 63 लीटर और अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 32 हजार रुपए बताई गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश
पुलिस के मुताबिक, कोतवाली पुलिस की टीम क्षेत्र भ्रमण पर थी। इसी दौरान महोबा रोड फोरलेन हाईवे पर अवैध शराब रखे होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम महोबा रोड ओवरब्रिज के पास स्थित यात्री प्रतीक्षालय पहुंची। वहां बैठे एक संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली गई। इस दौरान उसके पास रखे चार बैगों में अंग्रेजी शराब की बोतलें मिलीं।
84 बोतल और 63 लीटर शराब जब्त
पुलिस ने चारों बैगों से कुल 84 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की। इसमें रेड लेबल, ब्लैक एंड व्हाइट, सिग्नेचर सहित अन्य कंपनियों की शराब शामिल है। जब्त शराब की कुल मात्रा 63 लीटर और अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 32 हजार रुपए बताई गई है।
आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी की पहचान रमाशंकर तिवारी, पिता नंदन तिवारी, निवासी घोसियाना मोहल्ला, बसारी दरवाजा, छतरपुर के रूप में की है। उसके खिलाफ कोतवाली थाने में आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
यह कार्रवाई नगर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश सिंह के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक हरचरण राजपूत, शैलेंद्र सिंह, मनीष त्रिपाठी और आरक्षक संदीप, दीपचंद, नरेश सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।
ये भी पढ़ें- छतरपुर में ATM कार्ड बदलकर ठगी का आरोपी कानपुर से गिरफ्तार: मदद के बहाने बुजुर्गों को बनाता था निशाना
अरुण कुमार सोनी, सीएसपी, छतरपुर

