छतरपुर विश्वविद्यालय में छात्रों का प्रदर्शन: मुख्य गेट पर लगाया ताला, बुनियादी सुविधाओं की मांग उठाई; प्रशासन ने दिया आश्वासन
Published:
2 min read

छतरपुर विश्वविद्यालय में छात्रों का प्रदर्शन,बुनियादी सुविधाओं की मांग।
छतरपुर। महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में बुनियादी सुविधाओं की कमी और लंबित मांगों को लेकर छात्रों ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया। नाराज विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया। छात्रों का कहना है कि कई बार मांग उठाने और आश्वासन मिलने के बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है।
मांगों पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज हुए छात्र
छात्रों के मुताबिक, विश्वविद्यालय में जरूरी सुविधाओं को लेकर लगातार मांग की जा रही थी। इसके लिए ज्ञापन भी दिया गया, लेकिन 28 अक्टूबर तक समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। छात्रों का आरोप है कि उन्हें बार-बार नई तारीख दी जा रही थी, जबकि मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे नाराज होकर विद्यार्थियों ने प्रदर्शन किया और कुलपति व कुलसचिव के खिलाफ भी नाराजगी जताई।
सुरक्षा, सीसीटीवी और शौचालय की मांग
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की। इसके अलावा छात्राओं के लिए पर्याप्त शौचालय, स्वच्छ पेयजल और बिजली की उचित व्यवस्था करने की बात कही। छात्रों ने जर्जर भवन की मरम्मत कराने की मांग भी उठाई। उनका कहना है कि इन सुविधाओं का होना विद्यार्थियों की सुरक्षा और पढ़ाई के लिए जरूरी है।
प्रशासन ने 10 नए सुरक्षा गार्ड रखने की मंजूरी की दी जानकारी
विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि परिसर में विद्यार्थियों के लिए वाटर प्यूरीफायर लगाए गए हैं। इनकी नियमित सफाई और निगरानी की जा रही है। प्रशासन के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए उच्च परिषद ने 10 नए सुरक्षा गार्डों की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। जल्द ही नए सुरक्षा गार्डों की व्यवस्था की जाएगी।
सीसीटीवी और अन्य सुविधाओं पर प्रक्रिया जारी
प्रशासन ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन ने विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान करने की बात कही है। अब देखना होगा कि छात्रों की मांगों पर कब तक ठोस कार्रवाई होती है और विश्वविद्यालय में स्थिति सामान्य होती है।
ये भी पढ़ें- छतरपुर में मजदूरी के 20 रुपए के विवाद ने ली मजदूर की जान: पत्नी ने लगाया मारपीट और जहर देने का आरोप...
नितेश तिवारी , छात्र नेता
यशवंत पटेल, कुलसचिव

