छतरपुर में 9 करोड़ की लागत से बन रहा दिव्यांग सेंसरी पार्क: केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने किया निरीक्षण, दिए अहम निर्देश
Published:
2 min read

छतरपुर में 9 करोड़ की लागत से बन रहा दिव्यांग सेंसरी पार्क।
छतरपुर। केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने छतरपुर की सिंचाई कॉलोनी में सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के तहत बनाए जा रहे दिव्यांग सेंसरी पार्क के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस पार्क के निर्माण के लिए करीब 9 करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत किया गया है। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने निर्माण कार्य में छूटी सुविधाओं को शामिल करने और पार्क को बेहतर मॉडल के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।
सुरक्षा के लिए बाउंड्री वॉल बनाने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि निर्माण कार्य में अभी कई जरूरी चीजें शामिल होना बाकी हैं। परिसर को सुरक्षित रखने के लिए पहाड़ी के किनारे बाउंड्री वॉल बनाई जानी जरूरी है, ताकि पार्क में आने वाले दिव्यांगजनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
दिव्यांगजनों के सुझावों से तैयार होगा मॉडल पार्क
मंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, ठेकेदारों, इंजीनियरों और दिव्यांगजनों के क्षेत्र में काम करने वाले लोगों की जल्द बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों के सुझावों को शामिल कर पार्क को अधिक उपयोगी बनाया जाए, ताकि इसे एक बेहतर मॉडल पार्क के रूप में विकसित किया जा सके।
ये भी पढ़ें- उमरिया जिला न्यायालय के सामने दो ठेलों में लगी आग: कपड़े और चूड़ियों का सामान जलकर राख, फायर ब्रिगेड ने बुझाई आग

