उमरिया जिला न्यायालय के सामने दो ठेलों में लगी आग: कपड़े और चूड़ियों का सामान जलकर राख, फायर ब्रिगेड ने बुझाई आग; CCTV खंगाल रही पुलिस
Published:
3 min read

कपड़े और चूड़ियों रखे दो हाथ ठेलों में लगी आग, सामान जलकर राख।
उमरिया। जिला न्यायालय के सामने गुरुवार को दो ठेलों में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। न्यायालय की बाउंड्री से सटे रास्ते पर खड़े कपड़े और चूड़ियां बेचने वाले ठेले आग की चपेट में आ गए। आग इतनी तेजी से फैली कि ठेलों पर बिक्री के लिए रखा कपड़ा और अन्य सामान जलकर राख हो गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
गांधी चौक के पास दोनों ठेलों में लगी आग
जानकारी के अनुसार, जिला न्यायालय के सामने गांधी चौक के पास दो ठेले खड़े थे। इनमें एक ठेले पर कपड़े और दूसरे पर चूड़ियों सहित अन्य सामान की बिक्री की जाती थी। गुरुवार को अचानक दोनों ठेलों में आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने ठेलों पर रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना दमकल विभाग को दी।
फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर बुझाई आग
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और कुछ देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। हालांकि, तब तक ठेलों पर रखा कपड़ा और अन्य बिक्री का सामान जलकर राख हो चुका था। आग लगने से दोनों ठेला संचालकों को नुकसान हुआ है। फिलहाल नुकसान का वास्तविक आकलन सामने नहीं आया है।
CCTV फुटेज से आग लगने की वजह तलाश रही पुलिस
घटना के बाद पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने आगजनी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों ठेलों में आग किन परिस्थितियों में लगी। इसके लिए घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके।
जानबूझकर आग लगाने की आशंका पर भी जांच
पुलिस आग लगने के कारणों के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। यदि CCTV फुटेज या अन्य साक्ष्यों से किसी व्यक्ति द्वारा जानबूझकर आग लगाए जाने की बात सामने आती है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस जांच जारी है और CCTV फुटेज के आधार पर आग लगने की वास्तविक वजह सामने आने का इंतजार है।
पुन्नू सिंह परस्ते, DSP

