छतरपुर में भैंस चोरी मामले में यूपी के कबरई से दो संदेही पकड़े: पिकअप में भरकर चोरी हुई थी भैंस, नामजद आरोपी को नहीं पहचाना फरियादी, पूछताछ जारी
Published:
2 min read

पुलिस कर रही मामले में आगे कार्रवाई (फाइल फोटो)
छतरपुर। जिले के बमीठा थाना क्षेत्र में भैंस चोरी के मामले में पुलिस की जांच जारी है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के कबरई से दो संदेहियों को पकड़कर पूछताछ शुरू की है। फरियादी गौरीशंकर यादव ने दोनों की पहचान की है। इससे पहले पुलिस नामजद आरोपी सहित करीब 13 अन्य संदेहियों से पूछताछ कर चुकी है।
पिकअप में भरकर ले गए थे भैंस
जानकारी के अनुसार, ग्राम काबर निवासी गौरीशंकर यादव की भैंस 6 सितंबर 2026 को पिकअप वाहन में भरकर चोरी कर ली गई थी। घटना के बाद फरियादी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अपनी परेशानी बताई थी। उन्होंने निराशा जताते हुए इच्छा मृत्यु तक की बात कही थी। इसके बाद बमीठा थाना प्रभारी वाल्मीकि चौबे ने शिकायत के आधार पर गांव के दशरथ यादव के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
नामजद आरोपी को पहचानने से किया इनकार
पुलिस ने नामजद आरोपी को पकड़कर फरियादी से पहचान कराई, लेकिन गौरीशंकर ने उसे पहचानने से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि यह व्यक्ति भैंस चोरी की घटना में शामिल नहीं है। इसके बाद पुलिस ने करीब 13 अन्य संदेहियों को पूछताछ के लिए बुलाया। अब कबरई से दो और संदेहियों को पकड़कर पूछताछ की जा रही है।
CCTV में दिखी पिकअप, भैंस स्पष्ट नहीं
मामले में सामने आए सीसीटीवी फुटेज में घटना के समय एक पिकअप वाहन गुजरता दिखाई दे रहा है। हालांकि पुलिस के अनुसार फुटेज में वाहन तो नजर आ रहा है, लेकिन उसमें भैंस लदी हुई स्पष्ट दिखाई नहीं देती।
परिवार की आजीविका का था मुख्य साधन
गौरीशंकर यादव का कहना है कि भैंस उनके परिवार के भरण-पोषण का मुख्य जरिया थी। चोरी के बाद परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा है। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर वास्तविक आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस संदेहियों से पूछताछ कर रही है।
ये भी पढ़ें - मऊगंज में PM आवास की किस्तों पर कमीशन मांगने का आरोप: सहायक सचिव के खिलाफ जनसुनवाई में शिकायत, कलेक्टर से जांच की मांग
आरोपी
गौरीशंकर यादव, फरयादी
बाल्मीक चौबे,बमीठा थाना प्रभारी

