मऊगंज में PM आवास की किस्तों पर कमीशन मांगने का आरोप: सहायक सचिव के खिलाफ जनसुनवाई में शिकायत, कलेक्टर से जांच की मांग
Published:
2 min read

हितग्राहियों ने सहायक सचिव पर 28 हजार वसूली का लगाया आरोप
मऊगंज। जिले की नईगढ़ी जनपद की शाहपुर ग्राम पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कमीशनखोरी के आरोप सामने आए हैं। हितग्राहियों ने पंचायत के सहायक सचिव अमित तिवारी पर आवास की किस्त जारी करने के बदले पैसे मांगने का आरोप लगाया है। एक वायरल ऑडियो में सहायक सचिव और हितग्राही के बीच बातचीत सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि, ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
दो किस्तों में 26 हजार लेने का आरोप
हितग्राही उदयभान केवट का आरोप है कि प्रधानमंत्री आवास की पहली किस्त में 8 हजार और दूसरी किस्त में 18 हजार रुपये कमीशन के नाम पर लिए गए। उनका दावा है कि एक आवास में कुल 28 हजार रुपये की वसूली हुई है। किडनी की बीमारी से जूझ रहे उदयभान ने आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए बाकी पैसे देने में असमर्थता जताई। आरोप है कि इसके बाद आवास की बची हुई किस्त रोक दी गई। उदयभान के मुताबिक, उनका मकान अब तक अधूरा है और परिवार पिछले तीन साल से इसी स्थिति में रहने को मजबूर है।
अन्य हितग्राहियों ने भी लगाए आरोप
मामले में जगिसेन केवट का आवास भी अधूरा होने की बात सामने आई है। वहीं, राजकुमारी केवट ने आरोप लगाया कि आवास योजना की राशि नहीं देने पर उनका नाम लाड़ली बहना योजना से कटवा दिया गया। इन आरोपों के बाद पंचायत में योजनाओं के क्रियान्वयन और हितग्राहियों को मिलने वाले लाभ पर सवाल उठ रहे हैं।
कलेक्टर से जांच और कार्रवाई की मांग
पीड़ितों ने जनसुनवाई में कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे को शिकायत देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है। अब प्रशासन के सामने वायरल ऑडियो और हितग्राहियों के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की चुनौती है। फिलहाल सहायक सचिव अमित तिवारी का पक्ष सामने नहीं आया है।

वायरल ऑडियो
राजकुमारी केवट,पैसा न देने पर काटा नाम
जगिसेन केवट, पीड़ित हितग्राही आवास अधूरा
उदयभान केवट, पीड़ित हितग्राही आवास अधूरा

