छतरपुर में धीरेंद्र शास्त्री के समर्थन में उतरे भक्त: भजन-कीर्तन के साथ प्रशासन को सौंपा ज्ञापन; पुतला जलाने वालों पर FIR की मांग
Published:
2 min read

बागेश्वर धाम के समर्थन में उतरे अनुयायी, प्रदर्शन कर पुतला जलाने वालों के खिलाफ की एफआईआर की मांग।
छतरपुर। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के समर्थन में उनके अनुयायी सामने आए। भक्त श्रीकृष्ण के भजन गाते हुए और 'जय श्री राधे' के जयकारे लगाते हुए प्रशासन के पास पहुंचे। यहां उन्होंने बाबा के समर्थन में ज्ञापन सौंपा और छत्रसाल चौराहे पर उनका पुतला दहन करने वालों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की।
कथा में भगवान कृष्ण के उल्लेख को लेकर हुआ विवाद
शिष्य मंडल के सदस्यों का कहना है कि गुरुदेव ने कथा के दौरान भक्तों को रिझाने के लिए भगवान श्रीकृष्ण के नाम का उल्लेख किया था। इसी बात को लेकर कुछ लोगों ने विरोध किया और पुतला दहन किया। समर्थकों ने सोशल मीडिया पर भी बाबा के खिलाफ कथित तौर पर अपशब्द कहे जाने का आरोप लगाया।
शिष्य मंडल ने की कार्रवाई की मांग
शिष्य मंडल का कहना है कि बाबा बागेश्वर सनातन धर्म का प्रचार करने के साथ बेटियों के विवाह, कैंसर अस्पताल और अन्नपूर्णा के माध्यम से समाजसेवा के कार्य कर रहे हैं। ऐसे संत के खिलाफ अनर्गल टिप्पणी करने वालों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि छत्रसाल चौराहे पर पुतला जलाने वालों के खिलाफ FIR दर्ज की जाए। साथ ही सोशल मीडिया पर सनातन धर्म और संतों के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां करने तथा समाज में विभाजन पैदा करने की कोशिश करने वालों पर भी कार्रवाई की जाए।
सीएसपी ने ज्ञापन मिलने की पुष्टि की
इस मामले में सीएसपी अरुण सोनी ने बताया कि शिष्य मंडल और अनुयायियों की ओर से ज्ञापन दिया गया है। इसमें सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों के संबंध में कानूनी रूप से कार्रवाई करने की मांग की गई है। ज्ञापन प्राप्त कर लिया गया है।
ऋषि,शिष्य मंडल
अरूण सोनी, सीएसपी

