चेतकपुरी चौराहे पर यात्रियों से भरी बस में लगी भीषण आग: राहगीरों ने सभी 34 यात्रियों को सुरक्षित निकाला, एक बुजुर्ग की तबीयत बिगड़ी; ग्वालियर से भोपाल जा रही थी बस
Published:
2 min read
चेतकपुरी चौराहे पर बस धू-धू कर जलने लगी।
ग्वालियर। शनिवार रात ग्वालियर के चेतकपुरी चौराहे पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ग्वालियर से भोपाल जा रही शरत ट्रैवल्स की एक यात्री बस में अचानक आग लग गई। गनीमत यह रही कि स्थानीय लोगों की सतर्कता और मदद से बस में सवार सभी 34 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस दुर्घटना में धुएं के कारण एक बुजुर्ग यात्री की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इंजन से उठी आग, देखते ही देखते बस हुई खाक
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, आग बस के इंजन और चालक की सीट वाले हिस्से से शुरू हुई और कुछ ही पलों में विकराल हो गई। बस में आग लगते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। मौके पर मौजूद राहगीरों ने बिना अपनी जान की परवाह किए तुरंत रेस्क्यू शुरू किया और कुछ ही मिनटों में सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इसी दौरान एक बुजुर्ग यात्री अंदर ही फंस गए, जिन्हें लोगों ने बस का कांच तोड़कर बाहर निकाला। हालांकि, अत्यधिक धुआं अंदर फैल जाने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया। कुछ ही देर में पूरी बस आग की चपेट में आ गई और धू-धू कर जलने लगी।
दमकल विभाग ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। दमकल की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। आग इतनी भीषण थी कि काफी देर तक ऊंची लपटें और काला धुआं उठता रहा, जिससे बस जलकर पूरी तरह खाक हो गई।
पुलिस के अनुसार, प्राथमिक जांच में आग लगने की शुरुआत इंजन और ड्राइवर सीट के पास से होने की बात सामने आई है। पुलिस और प्रशासन आग लगने के वास्तविक कारणों और नुकसान का आकलन कर रहा है। शुरुआती जांच में किसी भी तरह की लापरवाही सामने आने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शक्ति यादव, TI झांसी रोड थाना, ग्वालियर

