सूने घरों के ताले तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश: ग्वालियर में 3 आरोपी गिरफ्तार; 35 लाख के सोने के जेवर बरामद
Published:
3 min read

पुलिस कंट्रोल रूम ऑफिस, फाइल फोटो।
ग्वालियर। माधौगंज थाना पुलिस ने सूने घरों के ताले तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से करीब 35 लाख रुपए कीमत के सोने के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई थी, जिसके आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने माधौगंज थाना क्षेत्र के अलावा बहोड़ापुर, गिरवाई और कंपू थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की अन्य वारदातों को भी कबूल करने की बात कही है।
रक्षाबंधन पर परिवार के साथ गए थे अशोकनगर
जानकारी के अनुसार, संभाजी विलास कॉलोनी, लाला का बाजार निवासी हर्षवर्धन सिंह तोमर रक्षाबंधन के मौके पर अपने परिवार के साथ अशोकनगर जिले के मुंगावली स्थित अपने पिता के घर गए थे। घर लौटने पर उन्होंने देखा कि मकान के ताले टूटे हुए थे। घर के अंदर रखी अलमारी से नकदी और सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। इसके बाद उन्होंने माधौगंज थाने पहुंचकर चोरी की शिकायत दर्ज कराई।
सैकड़ों CCTV की जांच के बाद आरोपियों तक पहुंची पुलिस
शिकायत मिलने के बाद माधौगंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।फुटेज में तीन संदिग्ध युवक घर में घुसते हुए दिखाई दिए। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने तीनों संदिग्धों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया।
पूछताछ में कबूली चोरी, खंडहर में छिपाए थे जेवर
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। आरोपियों ने बताया कि चोरी के जेवरात उन्होंने साडा बायपास रोड स्थित एक सुनसान खंडहर में छिपा रखे हैं।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मौके पर पहुंचकर तलाशी ली और वहां से करीब 35 लाख रुपए कीमत के सोने के आभूषण बरामद किए।
चार अन्य चोरी की वारदातें भी कबूल करने का दावा
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने माधौगंज के अलावा बहोड़ापुर, गिरवाई और कंपू थाना क्षेत्रों में हुई चार अन्य चोरी की वारदातों को भी कबूल किया है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने इस चोरी में कुल करीब 50 लाख रुपए के जेवरात चुराए थे, जिनमें से लगभग 35 लाख रुपए कीमत के आभूषण बरामद कर लिए गए हैं।
बाकी जेवरात की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अब आरोपियों को रिमांड पर लेकर बाकी बचे जेवरात और अन्य चोरी की वारदातों से जुड़े माल की बरामदगी का प्रयास करेगी। साथ ही तीनों आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।पुलिस का कहना है कि जांच के आगे बढ़ने के साथ चोरी की अन्य वारदातों को लेकर भी और खुलासे हो सकते हैं।
सुजावल जग्गा -ASP ग्वालियर

