भुसावल-इटारसी तीसरी और चौथी रेल लाइन की तैयारी: बुरहानपुर में होगा भूमि अधिग्रहण; DRM ने लिया जायजा, सांसद ने की नए ओवरब्रिज की मांग
Published:
4 min read

बुरहानपुर में भुसावल-इटारसी 3rd और 4th रेल लाइन की तैयारी
बुरहानपुर। भुसावल से इटारसी के बीच तीसरी और चौथी रेल लाइन बिछाने की परियोजना के तहत रेलवे प्रशासन ने बुरहानपुर में तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को भुसावल मंडल के डीआरएम पुनीत अग्रवाल ने लालबाग रेलवे स्टेशन और संबंधित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित रेल लाइन शिवाजी नगर और राम मंदिर-चिंचाला क्षेत्र की तरफ से डाली जाएगी। इसके लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जल्द शुरू करने की तैयारी है। वहीं, शिवाजी नगर और चिंचाला के करीब 20 हजार रहवासियों की आवागमन संबंधी समस्याओं को लेकर सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने शिवाजी नगर रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज बनाने की मांग उठाई।
भूमि अधिग्रहण के बाद होगी आगे की कार्रवाई
डीआरएम पुनीत अग्रवाल के अनुसार, तीसरी और चौथी रेल लाइन के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी करने का प्रयास किया जाएगा। जिन मकानों के प्रस्तावित निर्माण क्षेत्र में आने की संभावना है, उनके निवासियों को नियमानुसार नोटिस देकर मकान खाली करने के लिए समय दिया जाएगा। मुआवजा वितरण के बाद नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
रेलवे अधिकारियों ने स्थल निरीक्षण के दौरान क्षेत्र की परिस्थितियों और प्रस्तावित रेल लाइन से जुड़े विषयों की जानकारी ली। हालांकि, भूमि अधिग्रहण और प्रभावित मकानों की संख्या को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
20 हजार रहवासियों के लिए ओवरब्रिज की मांग
सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने रेलवे अधिकारियों और क्षेत्रवासियों के साथ शिवाजी नगर रेलवे क्रॉसिंग का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि शिवाजी नगर और चिंचाला क्षेत्र की करीब 20 हजार आबादी को रेलवे लाइन के कारण आवागमन में परेशानी होती है। लोगों को आने-जाने के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ता है, जिससे विद्यार्थियों, महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों को विशेष दिक्कत होती है।
सांसद ने कहा कि गुलाबगंज रेलवे ओवरब्रिज इस क्षेत्र के लोगों की समस्या का पर्याप्त समाधान नहीं है, क्योंकि वहां तक पहुंचने के लिए भी अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। ऐसे में शिवाजी नगर रेलवे क्रॉसिंग पर अलग ओवरब्रिज बनाया जाना जरूरी है। क्षेत्रवासियों ने भी अपनी समस्याएं बताते हुए इस मांग का समर्थन किया।
गुलाबगंज ओवरब्रिज और मातापुर अंडरपास जल्द पूरा करने पर जोर
निरीक्षण के दौरान सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने गुलाबगंज रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण तेज कर जल्द पूरा कराने की मांग की। वहीं, नेपानगर विधायक मंजू दादू ने मातापुर बाजार के मुख्य मार्ग पर निर्माणाधीन अंडरपास का काम शीघ्र पूरा कराने पर जोर दिया।
सांसद ने डीआरएम को पत्र सौंपकर शिवाजी नगर रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण की तकनीकी और व्यावहारिकता की जांच कराने तथा आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया। उनका कहना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।
तीसरी-चौथी रेल लाइन परियोजना की प्रगति पर चर्चा
सांसद ने डीआरएम के साथ भुसावल-इटारसी तीसरी और चौथी रेल लाइन परियोजना की प्रगति पर भी चर्चा की। उन्होंने कार्य में तेजी लाने के साथ यह सुनिश्चित करने की बात कही कि परियोजना के दौरान किसानों और आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी न हो। उन्होंने लोगों की समस्याओं का उचित निराकरण करने पर भी जोर दिया।
डीआरएम पुनीत अग्रवाल ने सांसद और क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विषयों पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इस दौरान रेलवे स्टेशन पर एस्केलेटर की सुविधा, नासिक से ओंकारेश्वर ट्रेन सेवा और भगवती माता मंदिर मार्ग की बैरिकेडिंग से जुड़े मुद्दे भी उठाए गए।
निरीक्षण में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान नेपानगर विधायक मंजू दादू, महापौर माधुरी पटेल, विधायक अर्चना चिटनीस, डीआरयूसीसी सदस्य पंकज नाटनी, पूर्व महापौर अतुल पटेल, भाजपा के वरिष्ठ नेता वामन मोटे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
ज्ञानेश्वर पाटिल सांसद
पुनीत अग्रवाल, डीआरएम

