ISBT अग्निकांड के बाद नगर निगम कमिश्नर का एक्शन: वर्मा ट्रैवल्स की कंडम बसों को हटाने, जुलाई से खड़ी बसों का किराया वसूलने और अवैध वर्कशॉप बंद करने का आदेश जारी
Published:
3 min read

ISBT अग्निकांड के बाद नगर निगम कमिश्नर का एक्शन
भोपाल। ISBT बस स्टैंड वर्मा ट्रैवल्स बस अग्नीकांड के बाद नगर निगम कमिश्नर आरपी अहिरवार ने बड़ा एक्शन लिया है। मंगलवार को निगम कमिश्नर अधिकारियों के साथ आईएसबीटी पहुंचे। उन्होंने वर्मा ट्रैवल्स के मेनेजर को मौके पर बुलाकर साफ कहा कि जो बसें चलने लायक नहीं हैं, उन्हें तुरंत यहां से हटाएं और जुलाई से खड़ी बसों के लिए कमिश्नर ने ट्रैवल्स से किराया जमा करने को कहा। वहीं बीसीएलएल अधिकारियों से कहा कि वर्मा ट्रैवल्स को नोटिस जारी करें।
तीन दिन पहले हुए अग्नीकांड में 8 बसें जलकर खाक हुई थीं
दरअसल आईएसबीटी परिसर में तीन दिन पहले आग लगने से 8 बसें जलकर खाक हो गईं। इनमें 4 से 5 बसें अंडर रिपेयर और लंबे समय से खड़ी होना बताया गया। जबकि 3 बसों को लेकर बस ऑपरेटर वर्मा ट्रैवल्स ने दावा किया कि यह बसें अगल-अलग रूटों पर चलती थीं। इतने बड़े हादसे के बाद सामने आया कि परिसर में वर्मा बस ऑपरेटर की ज्यादातर नहीं चलने वाली बसें खड़ी रहती हैं और ऑपरेटर ने अपना अवैध वर्कशॉप भी बना रखा है। इसकी जानकारी मिलने के बाद मंगलवार को नगर निगम कमिश्नर आरपी अहिरवार आईएसबीटी पहुंचे। जहां उन्होंने बीसीएलएल सहित पीएम ई-बसों के संचालन और आईएसबीटी से चलने वाली बसों की जानकारी ली।
जुलाई से खड़ी यह बसें
कमिश्नर को निगम अधिकारियों ने बताया कि एमपी-04-पी-0297, एमपी-04-ए-3753, एमपी-04-एई-3073 और एमपी-04-ईए-4345 नंबर की बसें 24 जुलाई 2026 से बस डिपो में खड़ी हैं। इस पर कमिश्नर ने इन बसों के संचालक से जुलाई से वर्तमान तक किराया वसूल करने को कहा। वहीं बीसीएलएल अधिकारियों को निर्देश दिए कि बस ऑपरेटर को नोटिस भी जारी करें।
अब यात्री बैठाने और उतारने तक ही मिलेगी इंट्री
कमिश्नर ने बीसीएलएल अधिकारियों को निर्देश दिए कि अब बसों को सवारी बैठाने और उतारने तक ही आईएसबीटी परिसर में रूकने की अनुमति दें। किसी भी ऑपरेटर की अवैध पार्किंग या गैरेज यहां नहीं रहेगा। उन्होंने आईएसबीटी परिसर में सुरक्षा के मद्देनजर फायर हाईडेंट बनाने के निर्देश दिए।
धूल खा रहीं थी स्मार्ट साईकिलें
आईएसबीटी परिसर में कमिश्नर आरपी अहिरवार को एक जगह स्मार्ट सिटी की साईकिल व ईव्ही बाईसकिल्स का जखीरा मिला। यहां बड़ी संख्या में साईकिलें धूल खा रही थीं। कमिश्नर ने कहा कि वे स्वयं साईकिलों व ईव्ही बाईसिकल्स का परीक्षण करेंगे। उन्होंने साईकिलों व ईव्ही बाईसकिलों का पीपी मोड पर संचालन कराने के लिए टेंडर जारी करने को कहा। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त सुमित कुमार पांडे, उपायुक्त भुवन गुप्ता व चंचलेश गिरहारे सहित निगम के अन्य अधिकारी मौजूद थे।

