भोपाल में 4 दिसंबर से 'तब्लीगी इज्तिमा' का आयोजन: देश-विदेश से आएंगे अकीदतमंद, प्रशासन ने तैयार किया रोडमैप; सुरक्षा के लिए CCTV और पुलिस की तैनाती
Published:
4 min read

सालाना तब्लीगी इज्तिमा में देश-विदेश से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज की।
भोपाल। राजधानी के ईंटखेड़ी में आयोजित होने वाले सालाना तब्लीगी इज्तिमा की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार आयोजन 4 से 7 दिसंबर तक होगा। देश-विदेश से बड़ी संख्या में जमातों और अकीदतमंदों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं को लेकर व्यापक कार्ययोजना बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रशासन का जोर इस बात पर है कि आयोजन के दौरान लोगों को आवागमन, ठहरने और जरूरी सुविधाओं को लेकर परेशानी न हो।
शुक्रवार शाम कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने इज्तिमागाह पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों और इज्तिमा समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागों को जिम्मेदारियां तय करने और निर्धारित समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही आयोजन से पहले हर व्यवस्था की निगरानी के लिए मिनट-टू-मिनट कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया।
सुरक्षा के लिए CCTV और सादे कपड़ों में जवानों की तैनाती
इज्तिमा में संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों को पर्याप्त बल तैनात करने, CCTV कैमरों के जरिए निगरानी रखने और भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित करने के इंतजाम करने को कहा गया है। आयोजन स्थल के भीतर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के साथ आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए भी तैयारी की जाएगी।
SP देहात पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि सुरक्षा, यातायात और आंतरिक सुरक्षा को ध्यान में रखकर इंतजाम किए जाएंगे। जरूरत के अनुसार सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
ट्रैफिक मैप और पार्किंग की व्यवस्था होगी तय
इज्तिमा के दौरान बड़ी संख्या में वाहनों के पहुंचने से यातायात प्रभावित होने की आशंका रहती है। इसे देखते हुए ट्रैफिक मैप तैयार करने, पार्किंग की व्यवस्था तय करने और प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति से बचने के लिए योजना बनाई जा रही है। मेट्रो निर्माण कार्य के कारण सड़कों पर आवागमन प्रभावित न हो, इसके लिए भी संबंधित अधिकारियों से समन्वय किया जाएगा। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने निरीक्षण के दौरान सड़क, बिजली और अन्य बुनियादी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित विभागों को जरूरी कार्य समयसीमा में पूरे करने के निर्देश दिए।
रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर बनेंगे सहायता केंद्र
बाहर से आने वाली जमातों और अकीदतमंदों को रास्ते और अन्य जरूरी जानकारियां उपलब्ध कराने के लिए भोपाल रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर सहायता केंद्र बनाए जाएंगे। इसके अलावा आयोजन स्थल पहुंच मार्ग पर भी जगह-जगह कैंप बनाने की व्यवस्था की जाएगी। इन कैंपों पर निशुल्क पेयजल और चाय नाश्ते के भी प्रबंध किए जाएंगे। सहायता केंद्रों के माध्यम से लोगों को आयोजन स्थल तक पहुंचने, आवागमन और अन्य जरूरी सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
व्यवस्थाओं में मदद करेंगे वॉलिंटियर
आयोजन को व्यवस्थित बनाने के लिए वॉलिंटियर की सूची तैयार की जा रही। उन्हें उनकी जिम्मेदारियों और आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं की जानकारी दी जाएगी। वॉलिंटियर बाहर से आने वाले लोगों को रास्ता बताने, जरूरतमंदों की सहायता करने और भीड़ को व्यवस्थित रखने में प्रशासन की मदद करेंगे। प्रशासन का मानना है कि पुलिस और सरकारी अमले के साथ स्वयंसेवकों का सहयोग मिलने से व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में आसानी होगी।
बिजली, अग्नि सुरक्षा और चिकित्सा सुविधाओं की होगी जांच
इज्तिमागाह में बिजली व्यवस्था को सुरक्षित बनाए रखने के लिए विद्युत प्रतिष्ठानों और संबंधित कार्यों की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को काम पूरा होने के बाद भी सुरक्षा मानकों की जांच सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसके साथ ही आग से बचाव के लिए जरूरी इंतजाम दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया है। स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने या आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
भोजन और पेयजल की गुणवत्ता पर भी रहेगी नजर
इज्तिमा में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना को देखते हुए भोजन और पेयजल की गुणवत्ता पर भी ध्यान दिया जाएगा। प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को भोजन की जांच करने और पेयजल के नमूनों का परीक्षण कराने के निर्देश दिए हैं। आयोजन स्थल पर साफ-सफाई बनाए रखने और कचरे के उचित निस्तारण के लिए भी संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
बैठक में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, एसपी देहात पंकज कुमार पांडेय, एडिशनल डीसीपी ट्रैफिक बसंत कोल, इज्तिमा कमेटी के मीडिया कोऑर्डिनेटर डॉ. उमर हफीज सहित लोक निर्माण विभाग, नगर निगम, विद्युत विभाग, पुलिस-प्रशासन और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें- भोपाल में 26 सिलेंडर और 5 मोटरसाइकिलें की चोरी का खुलासा: एक विधि-विरुद्ध बालक समेत 3 गिरफ्तार
पंकज कुमार पांडेय, एसपी देहात
प्रियंक मिश्रा, कलेक्टर, भोपाल

