भोपाल में 26 सिलेंडर और 5 मोटरसाइकिलें की चोरी का खुलासा: एक विधि-विरुद्ध बालक समेत 3 गिरफ्तार; 4.78 लाख का सामान जब्त
Published:
3 min read

भोपाल की गोविंदपुरा पुलिस ने 26 गैस सिलेंडर और 5 बाइक बरामद कर एक युवक और एक विधि-विरुद्ध बालक को पकड़ा।
भोपाल। राजधानी में गैस सिलेंडर और मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम देने के आरोप में गोविंदपुरा पुलिस ने एक युवक और एक विधि-विरुद्ध बालक को पकड़ा है। पूछताछ में गैस गोदामों से सिलेंडर चोरी करने के साथ ही गोविंदपुरा और बागसेवनिया थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिलें चुराने की घटनाओं का खुलासा हुआ। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 26 गैस सिलेंडर और पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। चोरी के सिलेंडर खरीदने के आरोप में एक अन्य व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, बरामद मशरूका की कुल कीमत करीब 4 लाख 78 हजार रुपए है।
शक्ति नगर मार्केट में संदिग्ध हालत में घूमते मिले आरोपी
पुलिस के अनुसार, शाम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शक्ति नगर मार्केट में बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध युवक घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। थाने लाकर पूछताछ करने पर मोटरसाइकिल के संबंध में जानकारी जुटाई गई। जांच में पता चला कि बाइक बरखेड़ा के नेहरू मार्केट क्षेत्र से चोरी की गई थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ की।
दो गैस गोदामों और एक मकान को बनाया निशाना
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर दो गैस गोदामों के बाहर खड़े गैस ट्रकों से रात के समय 10-10 सिलेंडर चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके अलावा शक्ति नगर में व्यंजन होटल के पास स्थित एक मकान से 6 सिलेंडर चुराने की जानकारी भी सामने आई। आरोपियों ने चोरी के सिलेंडरों को BHEL क्षेत्र के खंडहर क्वार्टर में छिपाकर रखने की बात बताई। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से चोरी का सामान बरामद किया। मामले में कुल 26 गैस सिलेंडर और 5 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
गोविंदपुरा और बागसेवनिया क्षेत्र से चुराईं बाइकें
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने गोविंदपुरा और बागसेवनिया थाना क्षेत्रों से 4 अन्य मोटरसाइकिलें चोरी करने की बात भी बताई। पुलिस ने आरोपियों द्वारा बताए गए स्थानों पर कार्रवाई कर 5 मोटरसाइकिलें जब्त कीं। पुलिस अब चोरी की अन्य वारदातों और बरामद वाहनों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। जांच के दौरान आरोपियों ने चोरी किए गए कुछ गैस सिलेंडर मोहम्मद शावर कुरैशी निवासी अफजल कॉलोनी, जिन्सी, जहांगीराबाद को बेचने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर चोरी के खरीदे गए सिलेंडर जब्त किए। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी का सामान किन परिस्थितियों में बेचा गया और इस मामले में अन्य लोग तो शामिल नहीं हैं।
एक युवक और विधि-विरुद्ध बालक पकड़े गए
पुलिस ने इस मामले में नीरज सोनी (19), निवासी झंडा मोहल्ला, पिपलिया पेंदे खां, थाना बागसेवनिया, भोपाल को गिरफ्तार किया है। उसका स्थायी पता ग्राम भाजीपानी, थाना बड़कुई, जिला छिंदवाड़ा हैं। उसके साथ एक विधि-विरुद्ध बालक को भी पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में कुल 4.78 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया है। प्रकरण में आगे की जांच जारी है।
ये भी पढ़ें- भोपाल जंक्शन से जब्त 705 किलो पनीर जांच में निकला अवमानक: मुरैना से भेजा गया था

