राज फाउंडेशन ने कराया अयोध्या नगर थाने का रेनोवेशन, बदल गया स्वरूप : थाना प्रभारी महेश लिल्लारे एवं स्टाफ ने डायरेक्टर संदीप मेहता का स्वागत कर जताया आभार
Published:
2 min read

राज ग्रुप के डायरेक्टर संदीप मेहता का अयोध्या नगर थाने में गुलदस्ता भेंट कर स्वागत करते हुए थाना प्रभारी महेश लिल्लारे।
भोपाल। सामाजिक सरोकारों से जुड़ी अपनी जिम्मेदारी को निभाते हुए राज फाउंडेशन द्वारा लगातार समाज के विभिन्न वर्गों के लिए सकारात्मक बदलाव की पहल की जा रही है। इसी कड़ी में फाउंडेशन द्वारा अयोध्या नगर थाने में पुलिसकर्मियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए थाना परिसर में सुधार कार्य शुरू कराने की पहल की है। इस मौके पर बुधवार को फाउंडेशन की ओर से राज ग्रुप के डायरेक्टर संदीप मेहता स्वयं थाने पहुंचे, जहां उन्होंने थाने में राज फाउंडेशन की तरफ से कराए गए रेनोवेशन कार्य का निरीक्षण किया और जानकारी ली।

पुलिसकर्मियों ने रेनोवेशन कार्य के लिए जताया आभार
इस दौरान थाना परिसर में थाना प्रभारी महेश लिल्लारे एवं थाना स्टाफ के पुलिसकर्मियों ने श्री मेहता का गुलदस्ते के साथ स्वागत करते हुए थाने में कराए जा रहे रेनोवेशन कार्य के लिए आभार जताया। वहीं कार्यक्रम के दौरान डायरेक्टर संदीप मेहता ने कहा कि हमारी पुलिस समाज की सुरक्षा के लिए दिन-रात मुस्तैद रहती है। ऐसे में हम सब की जिम्मेदारी है कि हम पुलिसकर्मियों को काम करने के लिए एक सुखद और सुविधाजनक वातावरण दें, ताकि वे और बेहतर ढंग से काम कर सकें।
जब समाज पुलिसकर्मियों के विषय में सोचता है तो अच्छा लगता है : टीआई
वहीं थाना प्रभारी ने कहा कि समाज जब पुलिसकर्मियों के विषय में सोचता है तो हमें भी अच्छा लगता है। उन्होंने फाउंडेशन द्वारा कराए जा रहे काम की जानकारी के साथ, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की।
गौरतलब है कि राज फाउंडेशन द्वारा थाने में फॉल सीलिंग, लाइटिंग, टाइल्स, पानी की पाइपलाइन, फिटिंग, वायरिंग, ब्लॉक और टीनशेड के साथ पूरे थाने की पेंटिंग आदि से जुड़े काम कराए गए हैं, ताकि पुलिसकर्मी थाना परिसर में सुविधाजनक ढंग से काम कर सकें। कार्यक्रम का समापन स्वल्प आहार के साथ हुआ। इस मौके पर थाना स्टाफ के साथ ही फाउंडेशन के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

