MP में सफाईकर्मियों की हड़ताल जारी: दिवाली पर भी नहीं उठेगा कचरा, सरकार से बातचीत बेनतीजा; कर्मचारियों ने काम पर लौटने से किया इनकार
Published:
2 min read

MP में सफाईकर्मियों की हड़ताल जारी, दिवाली पर नहीं उठेगा कचरा।
भोपाल। मध्यप्रदेश में सफाईकर्मियों की हड़ताल खत्म होने के फिलहाल कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं। नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव के साथ हुई बैठक में सहमति नहीं बनने के बाद कर्मचारियों ने हड़ताल जारी रखने का फैसला किया है। भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि मांगें पूरी होने तक सफाईकर्मी काम पर नहीं लौटेंगे। ऐसे में दिवाली के दौरान भी शहरों में सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।
बैठक बेनतीजा, हड़ताल जारी रखने का ऐलान
भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस की नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव के साथ बैठक हुई, लेकिन इसमें कोई ठोस फैसला नहीं हो सका। इसके बाद संगठन ने आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मगन झांझोट ने कहा कि आगामी आदेश तक सभी सफाईकर्मी काम बंद हड़ताल पर रहेंगे। संगठन की ओर से जारी पोस्टर में भी साफ किया गया है कि मांगों पर ठोस निर्णय होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
दिवाली पर भी नहीं उठेगा कचरा
सफाईकर्मियों ने सरकार को चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो इस बार दिवाली कचरे के बीच मनानी पड़ सकती है। हड़ताल जारी रहने पर शहरों में कचरा उठाने और सफाई का काम प्रभावित होगा। इसका असर त्योहार की तैयारियों पर भी पड़ सकता है। बाजारों और रिहायशी इलाकों में नियमित सफाई नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
वेतन बढ़ाने और नियमित करने की मांग
सफाईकर्मी लंबे समय से वेतन बढ़ाने, स्थायी नियुक्ति और अन्य मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। संगठन का कहना है कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान किए बिना हड़ताल खत्म नहीं की जाएगी। बैठक में सहमति नहीं बनने के बाद अब कर्मचारियों ने अपना रुख और सख्त कर लिया है। फिलहाल सबकी नजर सरकार और नगरीय प्रशासन विभाग के अगले फैसले पर टिकी है।
मगन झांझोट, प्रदेश अध्यक्ष, भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस

