भोपाल के होटल में जुए के फड़ का भंडाफोड़: पुलिस ने 9 जुआरी को दबोचा; 6.44 लाख नकद, ताश के पत्ते, दो कार और अन्य वाहन जब्त
Published:
3 min read

भोपाल के होटल में चल रहा था लाखों का जुआ, पुलिस की दबिश में 9 आरोपी गिरफ्तार, Ai जनरेटेड।
भोपाल। पिपलानी थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुए के फड़ पर छापा मारकर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नीरजा नगर स्थित होटल सेंडलवुड के कमरा नंबर 208 में दबिश देकर जुआ खेल रहे सात लोगों को पकड़ा। जांच में होटल मैनेजर और संचालकों की भूमिका भी सामने आने पर उन्हें आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने मौके से कुल 6 लाख 44 हजार 820 रुपए नकद, ताश के पत्ते, वाहन और मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
सूचना मिलते ही होटल में पुलिस ने दी दबिश
पुलिस के मुताबिक, रात करीब 8:30 बजे सूचना मिली थी कि होटल सेंडलवुड के कमरा नंबर 208 में कुछ लोग ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई। इसके बाद थाना प्रभारी चंद्रिका सिंह यादव के निर्देशन में पुलिस टीम ने होटल की घेराबंदी कर कमरे में दबिश दी। मौके पर सात लोग जुआ खेलते मिले। पुलिस ने सभी को पकड़कर पूछताछ की।
होटल मैनेजर और संचालक भी आरोपी
जांच के दौरान होटल मैनेजर आकाश मगरे और संचालक यादवेन्द्र सिंह व रोशन पांडे की भूमिका सामने आई। पुलिस ने तीनों को भी मामले में आरोपी बनाया है। पुलिस के अनुसार, होटल संचालक यादवेन्द्र सिंह द्वारा जुआ खेलने वालों को उधार रकम उपलब्ध कराने की बात भी जांच में सामने आई है।
कार की डिक्की में मिली नोटों की 10 गड्डियां
पुलिस ने शुरुआती कार्रवाई में जुए के फड़ और आरोपियों के पास से 1 लाख 43 हजार 20 रुपए बरामद किए। इसके बाद होटल संचालक यादवेन्द्र सिंह की कार की तलाशी ली गई। कार की डिक्की में रखे एक थैले से 500-500 रुपए के नोटों की 10 गड्डियां मिलीं। इनमें कुल 4 लाख 93 हजार रुपए थे। वहीं, आरोपी रवि राय की कार में गियर के पास बने स्टैंड से 8,800 रुपए बरामद किए गए। इस तरह पुलिस ने कुल 6 लाख 44 हजार 820 रुपए नकद जब्त किए।
दो कार, बुलेट और स्कूटी समेत 11 मोबाइल जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नकदी के अलावा 52 ताश के पत्ते, दो कार, एक बुलेट मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और 11 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज
पिपलानी पुलिस ने इस मामले में मध्यप्रदेश जुआ अधिनियम की धारा 3/4 के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, मामले में एस. गोविंद, विकास जैन, प्रतीक राजोरिया, सिद्धार्थ अग्रवाल, अजय राज सिंह, रवि राय, फैजल खान, यादवेन्द्र सिंह और आकाश मगरे को आरोपी बनाया गया है। मामले में जब्त नकदी और वाहनों को लेकर आगे की जांच की जा रही है।

