न्यू मार्केट के रेहड़ी-पटरी दुकानदारों की शिफ्टिंग शुरू: टीटी नगर स्टेडियम के सामने मिलेगी जगह, धनतेरस और दीपावली के मद्देनजर नगर निगम की कार्रवाई
Published:
2 min read

नगर निगम ने न्यू मार्केट के रेहड़ी-पटरी दुकानदारों की शिफ्टिंग शुरू कर दी है।
भोपाल। त्यौहारों के मद्देनजर राजधानी भोपाल के न्यू मार्केट में यातायात और बाजार व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए नगर निगम ने रेहड़ी-पटरी दुकानदारों की शिफ्टिंग शुरू कर दी है। शुक्रवार को नगर निगम का अतिक्रमण अमला न्यू मार्केट पहुंचा और दुकानदारों को निर्धारित स्थान पर दुकानें लगाने की समझाइश दी। रेहड़ी-पटरी दुकानदारों को टीटी नगर स्टेडियम के सामने स्थित क्षेत्र और टीटी नगर हाट बाजार में अस्थायी दुकानें लगाने के लिए कहा जा रहा है।
20 कर्मचारी शिफ्टिंग में लगाए गए
नगर निगम के अतिक्रमण प्रभारी शैलेन्द्र भदौरिया ने बताया कि धनतेरस और दीपावली को देखते हुए शिफ्टिंग की व्यवस्था के लिए 20 कर्मचारियों को तैनात किया गया है। यह अमला दुकानदारों को निर्धारित सीमा में व्यवसाय करने के निर्देश दे रहा है, ताकि बाजार क्षेत्र में भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति न बने।
मुनादी कर दुकानदारों को दी जा रही जानकारी
नगर निगम की टीम अलाउंसमेंट और मुनादी के माध्यम से हॉकर्स को शिफ्टिंग की जानकारी दे रही है। दुकानदारों से टीटी नगर हाट बाजार में निर्धारित स्थानों पर अस्थायी दुकानें लगाने की अपील की जा रही है।
त्यौहारों में बेहतर यातायात व्यवस्था पर जोर
दीपावली और धनतेरस के दौरान न्यू मार्केट में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना रहती है। ऐसे में बाजार में भीड़ को नियंत्रित करने और आवागमन सुचारु रखने के लिए नगर निगम ने यह कदम उठाया है। अब शिफ्टिंग की व्यवस्था के तहत दुकानदारों को निर्धारित स्थानों पर व्यवसाय करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।

