भोपाल में दूध बेचकर लौट रहे किसान को लूटने की कोशिश: तलवारनुमा छुरी से किया हमला, दो बदमाश गिरफ्तार; कोर्ट में पेश कर भेजा जेल
Published:
3 min read

किसान को लूटने के मामले में पुलिस ने इमरान खान और अर्शलान को गिरफ्तार कर जेल भेजा, फाइल फोटो।
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी में सुनसान रास्ते पर दूध बेचकर घर लौट रहे एक किसान को घेरकर लूटने की कोशिश का मामला सामने आया है। कोच फैक्ट्री और वंदे भारत प्रोजेक्ट के पास जंगलनुमा इलाके में चार युवकों ने किसान को रोककर तलवारनुमा छुरी दिखाते हुए पर्स छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने किसान की उंगली और पैर पर छुरी से हमला कर दिया। मामले में स्टेशन बजरिया पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल तलवारनुमा छुरी और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
दूध बेचकर लौटते समय रास्ते में किसान को घेरा
पुलिस के मुताबिक, फरियादी आलोक यादव निवासी करारिया, स्टेशन बजरिया ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह अयोध्या बायपास से दूध बेचकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कोच फैक्ट्री और वंदे भारत प्रोजेक्ट के पास जंगल के सुनसान रास्ते पर 4 अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया।
आरोपियों ने तलवारनुमा छुरी दिखाकर उनका पर्स छीनने की कोशिश की। किसान ने जब इसका विरोध किया और आरोपियों से संघर्ष किया तो उन्होंने छुरी से उनकी उंगली और पैर पर वार कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू किए।
CCTV फुटेज-तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की। फरियादी द्वारा बताए गए हुलिये के आधार पर संदिग्धों की तलाश की गई। इसके अलावा आसपास के CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए। पुलिस ने घटनास्थल तक पहुंचने और वहां से निकलने के संभावित रास्तों का रोडमैप तैयार किया। मुखबिरों से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने इमरान खान निवासी शाहजहांनाबाद और अर्शलान निवासी ऐशबाग को गिरफ्तार कर लिया।
निशातपुरा से चोरी की बाइक लेकर पहुंचे थे आरोपी
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल निशातपुरा थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की मोटरसाइकिल और घटना में इस्तेमाल तलवारनुमा छुरी जब्त कर ली है।
वारदात में शामिल 2 अन्य आरोपियों की तलाश जारी
स्टेशन बजरिया पुलिस के अनुसार, वारदात में कुल 4 युवक शामिल थे। इनमें से 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य दो की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

