गुना में विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था पर ABVP का हल्लाबोल: रिजल्ट में गड़बड़ी और एमपी ऑनलाइन की समस्याओं पर उठाए सवाल; आंदोलन की चेतावनी
Published:
3 min read

गुना की तात्यातोपे यूनिवर्सिटी में परीक्षा परिणामों में कथित गड़बड़ी से भड़का ABVP, कुलपति को सौंपा ज्ञापन।
गुना। क्रांतिवीर तात्याटोपे विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था और परीक्षा परिणामों में कथित गड़बड़ियों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने गुरुवार को विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कुलपति के नाम ज्ञापन सौंपकर परीक्षा प्रणाली में तत्काल सुधार की मांग की। संगठन ने विश्वविद्यालय प्रशासन को 3 दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी, कि तय समय में समाधान नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।
परीक्षा परिणामों में गड़बड़ी का आरोप
ABVP का आरोप है कि विश्वविद्यालय में परीक्षा परिणामों की शुद्धता, अधिसूचनाओं की स्पष्टता और समय पर प्रक्रियाएं पूरी करने में लापरवाही बरती जा रही है। संगठन का कहना है कि इन अव्यवस्थाओं का सीधा असर विद्यार्थियों के भविष्य पर पड़ रहा है। ज्ञापन में जीवाजी विश्वविद्यालय ग्वालियर और क्रांतिवीर तात्याटोपे विश्वविद्यालय के परीक्षा परिणामों तथा अनुक्रमांक से जुड़ी कथित विसंगतियों की जांच कर सभी अधिसूचनाओं का मूल अभिलेखों से मिलान कराने की मांग की गई है।
MSc और MA के परिणामों पर उठाए सवाल
संगठन ने MSc रसायन शास्त्र द्वितीय सेमेस्टर (जून 2026) की 27 अक्टूबर को जारी अधिसूचना में प्रथम और द्वितीय प्रश्नपत्र के नाम बदलकर प्रकाशित होने का आरोप लगाया। ABVP ने अंकसूचियों और परीक्षा रिकॉर्ड का मिलान कर त्रुटि सुधारने की मांग की।
इसके अलावा MSc के निजी विद्यार्थियों के परिणामों पर लिखित स्पष्टीकरण और 28 अक्टूबर को जारी MA प्रथम वर्ष के हिंदी, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान और समाजशास्त्र के परिणामों की पारदर्शी समीक्षा की मांग भी की गई।
रिजल्ट एजेंसी और MP Online पर भी सवाल
ABVP ने परीक्षा परिणाम तैयार करने वाली एजेंसी की भूमिका, जिम्मेदारियों और परिणाम सत्यापन की प्रक्रिया सार्वजनिक करने की मांग उठाई। संगठन का कहना है कि इससे जवाबदेही तय होगी और भविष्य में ऐसी गलतियां रोकी जा सकेंगी।
इसके साथ ही स्नातक द्वितीय वर्ष की पूरक परीक्षा के आवेदन के दौरान MP Online पोर्टल पर आई तकनीकी समस्याओं को लेकर भी विरोध जताया गया। संगठन ने प्रभावित विद्यार्थियों को बिना विलंब शुल्क आवेदन करने का अवसर देने की मांग की। साथ ही जिन विद्यार्थियों पर 500 रुपये अतिरिक्त शुल्क लगने की स्थिति बनी है, उन्हें राहत देने की बात कही।
3 दिन में समाधान नहीं तो आंदोलन होगा तेज
ABVP ने विश्वविद्यालय प्रशासन से अपनी छह प्रमुख मांगों पर तत्काल कार्रवाई करने और लिखित जवाब देने की मांग की है। संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि तीन दिन के भीतर ठोस समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से ABVP के इन आरोपों और मांगों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
ये भी पढ़ें- शहडोल में रेत उत्खनन पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा: लाठी-डंडे की नोक पर ट्रैक्टरों से रेत खाली कराई, वीडियो वायरल
अंकित शर्मा जिला, संयोजक ABVP

