भोपाल में अतिक्रमण-गंदगी पर निगम आयुक्त की सख्ती: न्यू मार्केट में दुकानों के बाहर खींचेगी पीली लाइन, ठेले-गुमठियां हटाने के निर्देश; लालघाटी चौराहे का होगा सौंदर्यीकरण
Published:
4 min read

निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने न्यूशहर के प्रमुख इलाकों का निरीक्षण कर अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
भोपाल। शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने, सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने और साफ-सफाई दुरुस्त करने के लिए नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने गुरुवार को शहर के प्रमुख इलाकों का निरीक्षण कर अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। न्यू मार्केट में गंदगी मिलने पर नाराजगी जताते हुए संबंधित सहायक स्वास्थ्य अधिकारी को चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही दुकानों के बाहर पीली लाइन खींचने, ठेले-गुमठियां हटाने, लेफ्ट टर्न अवरोध मुक्त रखने और सौंदर्यीकरण के काम तेजी से पूरे करने के निर्देश दिए।
चार इमली से एयरपोर्ट तक व्यवस्थाओं का जायजा
निगम आयुक्त ने चार इमली, प्रणामी मंदिर, लिंक रोड नंबर-2, अटल पथ, प्लेटिनम प्लाजा, न्यू मार्केट, सेंट्रल पॉइंट, लालघाटी चौराहे और एयरपोर्ट रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, अतिक्रमण और नागरिक सुविधाओं की स्थिति देखी।
चार इमली स्थित प्रणामी मंदिर के लेफ्ट टर्न पर दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए टर्निंग की सफाई कराने और नाले पर जाली लगवाकर उसे व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि, सड़क के मोड़ों पर अनावश्यक अवरोध नहीं होने चाहिए, ताकि वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी न हो।
अटल पथ और प्लेटिनम प्लाजा चौराहे के आसपास धूल-मिट्टी हटाने और पूरे मार्ग की बेहतर सफाई कराने को कहा गया। पेड़-पौधों की कटाई-छंटाई, फुटपाथों और सेंट्रल वर्ज की सफाई तथा जरूरत के अनुसार धुलाई कराने के निर्देश भी दिए।
न्यू मार्केट में दुकानों के बाहर खींचेगी पीली लाइन
न्यू मार्केट में निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त ने टॉप एंड टाउन के पास पड़े मलबे को हटाने और संबंधित स्थान का समतलीकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने हाल ही में अग्नि दुर्घटना का शिकार हुई दुकानों का भी जायजा लिया। इसके बाद पूरे बाजार क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाने और दुकानों के सामने पीली लाइन डालकर उनकी सीमा निर्धारित करने को कहा। निर्देश दिए गए कि दुकानदार तय सीमा के भीतर ही अपनी दुकान संचालित करें और सड़क व फुटपाथ पर अतिरिक्त जगह घेरकर कारोबार न करें।
निगम आयुक्त ने अतिक्रमण कर बनाए गए टपरों और ठेलों को हटाने तथा गुमठियों को व्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए। न्यू मार्केट चौराहे और पार्किंग के सामने बड़ी संख्या में ठेले एकत्र होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। अधिकारियों से ऐसी व्यवस्था बनाने को कहा, जिससे ठेले हटाने के बाद दोबारा वहां जमा न हों।
सेंट्रल पॉइंट पर कचरा मिला तो लगेगा स्पॉट फाइन
सेंट्रल पॉइंट के निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त ने अवैध रूप से बनाए गए टपरों को हटाने और ठेले-गुमठियों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। क्षेत्र के पीछे बड़े पैमाने पर कचरा जमा मिलने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ स्पॉट फाइन की कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सार्वजनिक स्थलों पर कचरा जमा न होने दिया जाए और नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। फुटपाथों तथा सड़क किनारों पर जमा धूल-मिट्टी हटाने के साथ धुलाई कराकर क्षेत्र को साफ-सुथरा बनाया जाए।
लालघाटी चौराहे का होगा सौंदर्यीकरण
निगम आयुक्त ने लालघाटी चौराहे, एयरपोर्ट रोड और एयरपोर्ट क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने लालघाटी चौराहे के विभिन्न मार्गों के लेफ्ट टर्न व्यवस्थित करने, ठेले और गुमठियां हटाने तथा सड़कों पर रोड मार्किंग कराने के निर्देश दिए। चौराहे पर लगी जालियों पर पेंट कराने और आसपास के क्षेत्र का सौंदर्यीकरण करने को भी कहा गया। सड़कों पर पड़े निर्माण एवं विध्वंस के मलबे (C&D Waste) को तत्काल हटाने और मार्गों की बेहतर सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निगम आयुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों को व्यवस्थित बनाने के लिए सफाई, यातायात प्रबंधन और सौंदर्यीकरण के कार्य प्राथमिकता से पूरे किए जाएं।
ये भी पढे़ं- भोपाल में दूध बेचकर लौट रहे किसान को लूटने की कोशिश: तलवारनुमा छुरी से किया हमला, दो बदमाश गिरफ्तार

