MP राज्यसभा उपचुनाव की सरगर्मी बढ़ीं: कांग्रेस समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार राजकुमार लोहानी का नामांकन निरस्त, हरदीप सिंह पुरी के नामांकन पर हेमंत कटारे ने जताई आपत्ति
Published:
3 min read

कांग्रेस समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार राजकुमार लोहनी का नामांकन निरस्त कर दिया, फाइल फोटो।
भोपाल। मध्य प्रदेश में राज्यसभा उपचुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया के दौरान राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार राजकुमार लोहनी का नामांकन निरस्त कर दिया गया है। वहीं, भाजपा प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के नामांकन पर कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे ने आपत्ति दर्ज कराई है। कटारे ने नामांकन पत्र और हलफनामे में कथित अनियमितताओं का हवाला देते हुए पुरी का नामांकन निरस्त करने की मांग की है।
पत्नी के नाम और संपत्ति के विवरण पर उठाए सवाल
विधायक हेमंत कटारे ने हरदीप सिंह पुरी के हलफनामे में उनकी पत्नी के नाम और संपत्ति से संबंधित जानकारी को लेकर सवाल उठाए हैं। कटारे का आरोप है कि हलफनामे में पत्नी का नाम दर्ज नहीं किया गया है। उन्होंने इस पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर पत्नी का नाम और उनसे जुड़ी जानकारी क्यों छिपाई गई है।
विदेशी संपत्ति और मुद्रा को लेकर आपत्ति
कटारे ने दूसरी आपत्ति विदेशी संपत्ति और बैंक खातों के विवरण को लेकर दर्ज कराई है। उनका कहना है कि निर्वाचन से संबंधित नियमों के तहत उम्मीदवार को अपनी संपत्ति का विवरण भारतीय मुद्रा में देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुरी के हलफनामे में स्विस फ्रैंक और डॉलर जैसी विदेशी मुद्राओं में संपत्ति का उल्लेख किया गया है। इसके अलावा जेनेवा स्थित अपार्टमेंट और विदेशी बैंक खातों से संबंधित जानकारी को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए हैं।
नोटरी प्रक्रिया पर भी उठाए सवाल
कांग्रेस विधायक ने तीसरी आपत्ति हलफनामे के सत्यापन की प्रक्रिया को लेकर दर्ज कराई है। कटारे का आरोप है कि नामांकन के साथ प्रस्तुत शपथ पत्र का सत्यापन निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के अनुसार नहीं कराया गया। उन्होंने नोटरी एक्ट के उल्लंघन और नोटरी के समक्ष व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं होने का मुद्दा उठाया है।
निर्वाचन अधिकारी की निष्पक्षता पर भी सवाल
हेमंत कटारे ने निर्वाचन अधिकारी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा के निर्वाचन अधिकारी निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर रहे हैं। कटारे के मुताबिक, नामांकन में कई त्रुटियां होने के बावजूद हरदीप सिंह पुरी को शाम 5 बजे तक का अतिरिक्त समय दिया गया है, जबकि उनके अनुसार ऐसा अवसर नहीं दिया जाना चाहिए था। कटारे ने कहा कि उन्होंने पहले भी इस मामले में आपत्ति जताई थी और अब फिर मांग कर रहे हैं कि हरदीप सिंह पुरी का नामांकन निरस्त किया जाना चाहिए। फिलहाल कांग्रेस विधायक की ओर से दर्ज कराई गई आपत्तियों पर निर्वाचन अधिकारी का निर्णय महत्वपूर्ण होगा।
हेमंत कटारे, उप नेता प्रतिपक्ष, मध्यप्रदेश विधानसभा

