भोपाल के लालघाटी में पेट्रोल पंप के पास फिर खुली पटाखे की दुकान: 4 महीने पहले हुई आगजानी में हुआ था करोड़ों का नुकसान; कार्रवाई में हाईकोर्ट के स्टे का हवाला
Published:
2 min read

लालघाटी इलाके में पेट्रोल पंप के पास दोबारा पटाखे की दुकान खुलने से सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
भोपाल। राजधानी के लालघाटी इलाके में पटाखे की दुकान और पेट्रोल पंप की नजदीकी एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। 12 जून 2026 की दरमियानी रात लालघाटी स्थित पटाखे की एक दुकान में अचानक आग लग गई थी। आग तेजी से फैलने के कारण पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी। दुकान के ठीक बगल में पेट्रोल पंप होने से लोगों को किसी बड़े हादसे की आशंका सताने लगी थी। हालांकि, दमकल टीम ने समय रहते आग पर काबू पा लिया और लपटों को आसपास की दूसरी जगहों तक फैलने से रोक दिया। इस घटना में करोड़ों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया था।
आग की घटना के बाद भी उसी जगह फिर शुरू हुआ कारोबार
हैरानी की बात यह है कि जून में हुए हादसे के बाद भी अब उसी स्थान पर दोबारा पटाखे की दुकान संचालित होने लगी है। दुकान और पेट्रोल पंप के बीच कम दूरी को लेकर स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है। उन्हें आशंका है कि यदि दोबारा आग लगने जैसी घटना हुई तो आसपास के क्षेत्र में बड़ा खतरा पैदा हो सकता है। लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा मानकों की जांच कराने और जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की है।
हाईकोर्ट से स्टे मिलने के कारण कार्रवाई नहीं कर पा रहा प्रशासन
मामले में भोपाल के ADM महेंद्र सिंह कवचे का कहना है कि पटाखों की दुकानों के संचालन में सुरक्षा मानकों और फायर सेफ्टी का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। पेट्रोल पंप के पास संचालित दुकानों को लेकर उन्होंने बताया कि संबंधित दुकानदारों ने हाईकोर्ट से स्टे ले रखा है। इसी वजह से प्रशासन इन दुकानों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर पा रहा है।
पहले हादसे के बाद भी नहीं बदली स्थिति
जून में आग लगने की घटना के बाद उसी स्थान पर दोबारा पटाखे की दुकान का संचालन शुरू होने से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। अब सवाल उठ रहे हैं कि पेट्रोल पंप के नजदीक दुकान के संचालन में सुरक्षा के क्या इंतजाम किए गए हैं और क्या प्रशासन की ओर से मौजूदा व्यवस्था की जांच की गई है। स्थानीय लोग किसी संभावित हादसे से पहले सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं।
ये भी पढे़ं- UP से भोपाल तक फैला नशे का नेटवर्क: 292 इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार तस्कर ने किए खुलासे, 6 महीने में 5 बार मंगाई खेप
महेंद्र सिंह कवचे, ADM भोपाल
राघव शर्मा, संवाददाता, राज एक्सप्रेस

