UP से भोपाल तक फैला नशे का नेटवर्क: 292 इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार तस्कर ने किए खुलासे, 6 महीने में 5 बार मंगाई खेप; 50% मुनाफे पर बेचता था
Published:
4 min read

292 नशीले इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार 22 वर्षीय प्रेम शर्मा ने पुलिस पूछताछ में 50 प्रतिशत तक मुनाफे पर इंजेक्शन बेचने की बात बताई।
भोपाल। निशातपुरा पुलिस की कार्रवाई के बाद भोपाल में नशीले इंजेक्शन के कारोबार को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने 292 नशीले इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार किए गए 22 वर्षीय प्रेम शर्मा से पूछताछ की तो उसने 50 प्रतिशत तक मुनाफे पर इंजेक्शन बेचने की बात बताई। आरोपी के मुताबिक, उसने इंजेक्शनों की खेप छोला मंदिर इलाके से अपने साथी की मदद से 14,400 रुपए में खरीदी थी और इसे 20 हजार रुपए में बेचने का सौदा तय किया था। पुलिस अब उसके फरार साथी और इंजेक्शन उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति की तलाश कर रही है।
14,400 में खरीदे इंजेक्शन, 20 हजार में तय किया सौदा
मामले की जांच कर रहे सत्येंद्र तोमर के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने नशे के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले दो तरह के कुल 292 इंजेक्शनों के साथ बुधवार रात प्रेम शर्मा को गिरफ्तार किया था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि, उसने ये इंजेक्शन छोला मंदिर इलाके से अपने साथी की मदद से 14,400 रुपए में खरीदे थे। इसके बाद किसी अन्य व्यक्ति के साथ 20 हजार रुपए में बेचने का सौदा तय किया था। वह अपने साथी के साथ इंजेक्शन की डिलीवरी देने के लिए भानपुर इलाके की ओर जा रहा था। इसी दौरान करोंद चौराहे के पास पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस को देखकर साथी फरार, आरोपी स्कूटर समेत पकड़ा गया
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि स्कूटर पर उसके साथ एक साथी भी मौजूद था। पुलिस को देखकर वह पहले ही वाहन से कूदकर फरार हो गया। आरोपी के मुताबिक, सड़क पर डिवाइडर होने के कारण वह स्कूटर घुमा नहीं सका और पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
6 महीने से UP के उरई से मंगा रहा था इंजेक्शन
पुलिस पूछताछ में प्रेम शर्मा ने बताया कि वह पिछले करीब 6 महीने से अपने साथी की मदद से उत्तर प्रदेश के उरई से नशीले इंजेक्शन मंगवाकर भोपाल में सप्लाई कर रहा था। वह अब तक करीब 5 बार उरई से इंजेक्शनों की खेप मंगाकर शहर में बेच चुका था।
आरोपी के अनुसार, वह एक बार में करीब 100 से 150 इंजेक्शन लाता था और उन्हें लगभग 50 प्रतिशत तक मुनाफे पर बेचता था। पूछताछ में यह भी सामने आया कि दोनों तरह के इंजेक्शनों को मिलाकर नशे के लिए इस्तेमाल किया जाता था।
रेस्टोरेंट के पास इंजेक्शन होने की मिली थी सूचना
दरअसल, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जेल रोड स्थित सी साइट रेस्टोरेंट के पास एक युवक नशीले इंजेक्शन लेकर निकलने वाला है। सूचना के आधार पर निशातपुरा पुलिस ने मौके पर घेराबंदी की। इसी दौरान स्कूटर से जा रहे युवक को रोककर तलाशी ली गई।
वाहन की डिक्की खोलने पर उसमें नशीले इंजेक्शन मिले। पुलिस ने सभी इंजेक्शन जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। अगले दिन उसे कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड (पीआर) पर लिया गया। रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपी ने कारोबार से जुड़े कई खुलासे किए।
छोला मंदिर के सप्लायर और फरार साथी की तलाश
निशातपुरा पुलिस के मुताबिक, आरोपी प्रेम शर्मा (22) गली नंबर-1, बावड़ी के पास, द्वारिका नगर, बजरिया का निवासी है। उसके पास से 2-2 ml के कुल 292 इंजेक्शन बरामद किए गए हैं।
अब पुलिस प्रेम शर्मा के फरार साथी और छोला मंदिर इलाके से इंजेक्शन उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति की तलाश कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि इस कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इंजेक्शन किन लोगों को बेचे जाते थे। पुलिस आरोपी से पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की जांच कर रही है।

