'शिवानी नहीं तो मैं भी नहीं': पत्नी को फंदे पर लटता देख पति ने जंगल में लगाई फांसी, मरने से पहले दोनों ने साथ में मनाया था करवाचौथ
Published:
4 min read

देर रात में उजड़ गया परिवार, पत्नी घर में फंदे पर मिली, पति ने बाहर जाकर दी जान, पुलिस हर पहलू से कर रही जांच भोपाल, फाइल फोटो।
भोपाल। करवाचौथ पर पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखने वाली 24 वर्षीय महिला की कुछ घंटे बाद ही फांसी लगाने से मौत हो गई। पत्नी को फंदे पर लटका देखकर पति इस कदर सदमे में आ गया कि वह भी साड़ी लेकर घर से निकल गया। जाते समय उसने कहा, 'शिवानी नहीं तो मैं भी नहीं।' अगले दिन उसका शव घर से करीब 200 मीटर दूर जंगल में पेड़ पर लटका मिला। घटना खजूरी सड़क थाना क्षेत्र के बरखेड़ा बोंदर गांव की है। एक ही परिवार में पति-पत्नी की मौत से गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल दोनों की मौत के कारणों और घटनाक्रम की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
व्रत खोलने के बाद पति के बाहर जाने पर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, शिवानी अहिरवार (24) का करीब पांच साल पहले सूरज अहिरवार उर्फ गुल्ला (27) से प्रेम विवाह हुआ था। दंपती की कोई संतान नहीं थी। बताया जा रहा है कि इस बात को लेकर शिवानी अक्सर परेशान रहती थी। सूरज खेती-किसानी के साथ निजी काम भी करता था, जबकि शिवानी गृहिणी थी। गुरुवार को करवाचौथ के अवसर पर शिवानी ने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखा था। रात में परिवार के साथ पूजा-अर्चना करने के बाद उसने सूरज के हाथों व्रत खोला।
इसके बाद दोनों ने साथ बैठकर भोजन भी किया। रात करीब 11 बजे सूरज ने एक दोस्त से मिलने के लिए बाहर जाने की बात कही। इस पर शिवानी ने उसे रोकने की कोशिश की। उसका कहना था कि करवाचौथ का दिन है, इसलिए पति को पूरे समय उसके साथ रहना चाहिए। हालांकि, सूरज नहीं माना और घर से चला गया। इसके बाद शिवानी अपने कमरे में चली गई।

दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे परिजन, फंदे पर मिली शिवानी
रात करीब ढाई बजे सूरज घर लौटा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी कोशिश करने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो उसने परिजनों को बुलाया। परिवार के लोगों ने दरवाजा धकेलकर खोला तो अंदर शिवानी साड़ी से बने फंदे पर लटकी मिली। पत्नी को इस हालत में देखकर सूरज गहरे सदमे में आ गया। परिजन शिवानी को नीचे उतारने में जुटे थे, इसी दौरान सूरज दूसरी साड़ी लेकर घर से बाहर निकल गया। जाते समय उसने कहा कि शिवानी नहीं तो वह भी नहीं। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन रात में उसका कोई पता नहीं चल सका।
घर से 200 मीटर दूर जंगल में पेड़ पर मिला पति का शव
अगले दिन सूरज का शव घर से करीब 200 मीटर दूर जंगल के हिस्से में एक पेड़ पर साड़ी के फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर खजूरी सड़क थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने शिवानी और सूरज दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया।
सुसाइड नोट नहीं मिला, विवाद समेत सभी पहलुओं की जांच
पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि पत्नी को फंदे पर लटका देखने के बाद सूरज गहरे सदमे में चला गया होगा और इसके बाद उसने भी आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि, दोनों की मौत के पीछे की वास्तविक परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हैं। मौके से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। घटना से पहले पति-पत्नी के बीच हुए विवाद सहित सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। इसके लिए परिजनों और आसपास रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौतों की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

